बिजनौर। अखिल भारतीय आशा कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर बुधवार को आशा/आशा संगिनी कर्मचारी संगठन ने सीएमओ कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की और डीएम को भी ज्ञापन सौंपा। मांग पूरी नहीं होने पर नौ जुलाई को विशाल धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी।
भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध आशा/ आशा संगिनी कर्मचारी संगठन की जिलाध्यक्ष बेबी देवी ने कहा कि आशा और आशा संगिनी स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ की हड्डी हैं। उन्होंने आशा और आशा संगिनी को राज्य कर्मचारी घोषित करने, नियमितीकरण होने तक आशा को 18,000 रुपये एवं आशा संगिनी को 24,000 रुपये प्रति माह का सम्मानजनक वेतन भुगतान करने की मांग की। इसके अलावा आशा संगिनी को महीने में 30 दिन कार्य करने के बदले केवल 24 दिन का भुगतान मिलता है। इसे सुधारकर पूरे 30 दिन का भुगतान किया जाए। सभी आशा व आशा संगिनी कार्यकर्ताओं को ईपीएफ और ईएसआई के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने की मांग की। सेवानिवृत्ति पर एक मुश्त 10 लाख रुपये का लाभ देने लंबित देयकों का भुगतान करने सहित अन्य मांग उठाई। इस मौके पर कुसुमलता, शकुंतला, नीता, भावना, रीता, कुसुम, गीता, सुधा, सोनम, ममता देवी, मंजू यादव आदि मौजूद रहीं। संवाद