Accident In Bijnor: तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कार में मारी जोरदार टक्कर, दो लोगों की दर्दनाक मौत, दो घायल
उत्तर प्रदेश के बिजनाैर में रविवार देर रात बड़ा हादसा हुआ। यहां एक तेज रफ्तार वाहन ने स्विफ्ट डिजायर कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की माैत हुई है जबकि कई घायल हो गए।
विस्तार
बिजनाैर जनपद में धामपुर थानाक्षेत्र के शेरकोट क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर रविवार रात करीब 1 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक माैत हो गई। बताया गया कि अज्ञात वाहन ने कार में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 1 बजे अफजलगढ़ की तरफ से धामपुर की और जा रही एक शिफ्ट डिजायर कार मे पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार में सवार तनवीर (35) पुत्र फहीम अहमद निवासी गांव कांधला थाना कांधला जनपद शामली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लियाकत उर्फ शूटर (45) पुत्र सदाकत निवासी गांव टपराना थाना जिझाना जनपद शामली, नौशाद पुत्र दिलशाद, मकसूर पुत्र माशूक निवासी गांव बुत्रारा थाना बावली जनपद शामली घायल हो गए।
यह भी पढ़ें: UP Weather Update: कड़ाके की ठंड और शीतलहर से ठिठुरे लोग, छह जनवरी से और बढ़ेगी सर्दी; कई जिलों में स्कूल बंद
नाैशाद और मसकूर की हालत गंभीर
हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे सीओ अफजलगढ़ अंजनी कुमार, थाना प्रभारी शेरकोट पुष्पेंद्र सिंह ने घायलों को धामपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां पर लियाकत उर्फ शूटर की भी मौत हो गई। नौशाद और मसकूर की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घायलों के मुताबिक वे उत्तराखंड के किच्छा से अपने जनपद शामली जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने अफजलगढ़ रोड पर स्थित एक निजी पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाया और जैसे ही वह हाईवे पर पहुंचे तो पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने अचानक जोरदार टक्कर मार दी।
बता दें कि टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। सीओ अंजनी कुमार ने बताया की हादसे मे दो लोगों की मृत्यु हुई है, दो लोग घायल हैं। मृतक के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, अज्ञात वाहन चालक की तालाश की जा रही उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।