हादसा: 10 फिट गहरे नाले में गिरी स्कूल बस, बच्चों में बची चीख-पुकार, 12 छात्र-छात्राएं हुए घायल
Bijnor News : बिजनौर में शुक्रवार को एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर 10 फिट गहरे नाले में जा गिरी। घटना से बच्चों में चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में करीब 12 छात्र-छात्राएं घायल हो गए हैं।
विस्तार
बिजनौर के स्योहारा में मुरादाबाद रोड स्थित ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल की छुट्टी के बाद स्कूल बस सीएचसी के सामने अनियंत्रित होकर दस फिट गहरे नाले में जा गिरी। इस घटना में करीब 12 बच्चे मामूली रूप से घायल हो गए हैं। वहीं, बस नाले में गिरते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
उधर, घटना को देख राहगीरों ने दौड़कर बच्चों को नाले से निकाला। इस दौरान फहाम (10) पुत्र नईम अहमद कक्षा तीन निवासी अलादीनपुर, मरियम (10) पुत्री वसीम अहमद कक्षा तीन निवासी हयातनगर, इकरा (9) पुत्री अजीम अहमद कक्षा तीन निवासी हयातनगर, इंसा (8) पुत्री महबूब अली कक्षा दो निवासी इस्लाम नगर सहित लगभग 12 बच्चे घायल हो गए। सभी को निजी चिकित्सक को दिखाने के बाद घर भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें: UP: आखिर क्यों टूटा SP-RLD का गठबंधन? वजह बता गए अखिलेश, बोले- जब रालोद जीरो पर थी, उस वक्त हमने मिलाया था हाथ
उधर, घटना की सूचना मिलने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। सभी परिजन घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी मशीन मंगा कर गाड़ी को नाले से बाहर निकाला।
यह भी पढ़ें: सनसनीखेज वारदात: सोनीपत के दो बच्चों की हत्या, बागपत में मिले शव, मां और उसके करीबी पर जताया जा रहा शक