Bijnor News: मेडिकल अस्पताल में 10 दिन में भर्ती हुए 304 बुखार के मरीज, बच्चों से लेकर बड़े तक चपेट में
- 686 बुखार के मरीज 10 दिन में अस्पताल की ओपीडी में आए
- बुखार के सभी मरीजों को आई प्लेटलेट्स कम होने की समस्या
- बच्चों से लेकर बड़े तक आ रहे बुखार की चपेट में
विस्तार
बुखार के मरीजों में प्लेटलेट्स कम होने की समस्या आ रही है। जांच में मरीजों को डेंगू की पुष्टि तो नहीं हो रही है, लेकिन लीवर पर इंफेक्शन हो रहा है। अस्पतालों में बुखार के मरीजों की काफी भीड़ है। चिकित्सकों के अनुसार अस्पताल के वार्ड में रोजाना करीब 30 मरीज तक भर्ती हो रहे हैं।
भीड़ अधिक होने पर भर्ती मरीजों की हालत में थोड़ा सुधार होते ही घर भेजा जा रहा है। बुखार के मरीजों को उल्टी, कमजोरी, पेट दर्द, सिर दर्द, प्लेटलेट्स कम होना जैसी समस्याएं आ रही हैं। बुखार आने के बाद मरीज 15 दिन से पहले ठीक नहीं हो रहा है।
इस तरह बढ़ी बुखार के मरीजों की संख्या, तारीख अस्पताल में भर्ती ओपीडी
6 सितंबर 30 80
7 सितंबर 24 75
8 सितंबर 33 63
9 सितंबर 29 54
10 सितंबर 36 65
11 सितंबर 27 79
12 सितंबर 28 82
13 सितंबर 33 52
14 सितंबर 31 66
15 सितंबर 33 70
कम रोग प्रतिरोधक क्षमता होने पर प्रभावित कर रहा वायरस : डॉ. आरएस वर्मा
डॉ. आरएस वर्मा का कहना है कि इस समय वायरल बुखार तेजी से फैल रहा है। रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने से वायरस शरीर को प्रभावित कर रहा है। मरीजों को अधिक मात्रा में पानी का सेवन करना चाहिए। साथ ही बुखार आने पर तुरंत चिकित्सक परामर्श लें।
बुखार के मरीजों के लिए अस्पताल में सभी दवाई उपलब्ध हैं। अगर जांच में किसी मरीज को डेंगू की पुष्टि हो रही है तो उसे डेंगू वार्ड में भर्ती किया जा रहा है। - डॉ. मनोज सेन, मुख्य चिकित्सक अधीक्षक, बिजनौर