ज्ञानपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर मंगलवार को जिले के विभिन्न ब्लाकों, जिला मुख्यालय, तहसील मुख्यालय सहित कुल 100 से ज्यादा स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे। सुबह साढ़े पांच बजे से होने वाले इस आयोजन में जिले भर में करीब दो लाख लोग एक साथ योग करेंगे। पचास मिनट के इस योगाभ्यास के जरिए लोगों को निरोग रहने, योग करने की सीख दी जाएगी। मुख्य आयोजन ज्ञानपुर के बीएनजीआईसी में होगा। यहां सूबे के मंत्री और जिला स्तरीय अधिकारी भी योग करेंगे। पतंजलि योग समिति की तरफ से जिले के 50 स्थानों पर योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। समिति के संदेश योगी ने बताया कि 50 स्थानों पर लगने वाले योग शिविरों में पचास मिनट में विभिन्न तरह के प्राणायाम और योग दोनों होंगे। बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी योग शिविर लगाए जाएंगे। मुख्य आयोजन विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में होना है। इसलिए यहां की तैयारी सोमवार की शाम को पूर्ण कर ली गई। सीडीओ भानु प्रताप सिंह ने तैयारी का जायजा लिया। नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया कि 21 जून को सुबह सारी व्यवस्थाएं चाक चौबंद रहें। उन्होंने बताया कि जीआईसी में करीब पांच हजार साधक जुटेंगे। एंबुलेंस, पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाएं मौजूद रहेंगी। कार्यक्रम में सूबे के मंत्री रविंद्र जायसवाल के साथ ही तीनों विधायक, सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष समेत सभी विभाग के अधिकारी रहेंगे।