ज्ञानपुर/दुर्गागंज। जिले की तीन जर्जर सड़कों कीडेढ़ करोड़ की लागत से मरम्मत होगी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय कार्य योजनांतर्गत इन सड़कों की मरम्मत के लिए शासन की मंजूरी प्राप्त हो गई है। डेढ़ करोड़ की लागत से जिले के भीमसेनपुर-कैड़ा, दुर्गागंज-कुढ़वा वारी, हियाही-याकूबपुर की साढ़े तीन किमी सड़कों को दुरूस्त कराया जाएगा। धनराशि स्वीकृत होते ही पीडब्ल्यूडी सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया आरंभ कराएगी।
जिले में बीते वित्तीय वर्ष में पीडब्ल्यूडी, जिला पंचायत और ग्रामीण अभियंत्रण की ओर से 300 करोड़ खर्च किए जाने के बाद भी कई ऐसी सड़कें थीं। जिनकी मरम्मत नहीं हुई थी। हाईवे समेत रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सीमावर्ती क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कों खराब होने से परेशानी होती है। कहीं सड़कों का लेपन कार्य उखड़ गया है तो कहीं गड्ढे हैं। इसको देखते हुए पीडब्ल्यूडी ने तीनों विधानसभा के 10-10 सड़कों की मरम्मत की कार्ययोजना भेजी थी। इसी कड़ी में शासन की ओर से भीमसेनपुर-कैड़ा, दुर्गागंज-कुढ़वा वारी, हियाही-याकूबपुर की सड़कों की मरम्मत की स्वीकृति मिली है। डेढ़ करोड़ की लागत से तीनों सड़कों के साढ़े तीन किमी जर्जर सड़क की मरम्मत की जाएगी। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एसबी राव ने बताया कि पं. दीनदयाल उपाध्याय योजनांतर्गत जिले की तीन सड़कों की मरम्मत होगी। इसके लिए शासन की स्वीकृति मिल चुकी है। इस पर डेढ़ करोड़ की धनराशि खर्च होगी। निकाय चुनाव के बाद धनराशि की स्वीकृत होते ही कार्य आरंभ कराया जाएगा।