काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव की तस्वीर बृहस्पतिवार को साफ हो गई। अध्यक्ष पद पर नामांकन करने वाली आंचल बिंद ने पर्चा वापस ले लिया। इससे अब अध्यक्ष पद के लिए सात प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। महामंत्री पद के लिए दो उम्मीदवारों के बीच सीधी टक्कर होगी, जबकि उपाध्यक्ष बनने के लिए छह उम्मीदवारों में कड़ी टक्कर होगी। 16 दिसंबर को मतदान और उसी दिन मतगणना के बाद चुनाव परिणाम की घोषणा की जाएगी।
छात्रसंघ चुनाव के निर्वाचन की प्रक्रिया पिछले तीन से चार दिनों से चल रही है। बुधवार को अध्यक्ष के दो उम्मीदवारों संग आठ लोगों का पर्चा खारिज कर दिया गया था। सभी की नजरें नाम वापसी पर टिक गईं थीं। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और महामंत्री संग अन्य पदों पर होने वाले चुनाव में अपनी पकड़ मजबूत बनाने के लिए कई दावेदारों ने वोट काटने वाले प्रत्याशियों को बैठाने की जुगत लगाते रहे। कुछ सफल हो गए, जबकि अन्य को कोई लाभ नहीं मिला। निर्वाचन अधिकारी डॉ.ऋचा यादव ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने वाली आंचल बिंद ने एकमात्र पर्चा वापस लिया। अब अध्यक्ष पद के लिए सात, महामंत्री के लिए दो, उपाध्यक्ष के लिए छह प्रत्याशी जोर आजमाइश करेंगे। वहीं, दूसरी ओर चुनावी तस्वीर साफ होने के बाद अध्यक्ष संग अन्य प्रत्याशी जीत के लिए छात्र-छात्राओं से मिलने लगे हैं। पुस्तकालय और संकाय प्रतिनिधि पद के दावेदारों में किसी ने पर्चा वापस नहीं लिया है।