सुरियावां। महर्षि आजाद स्टेडियम मेढ़ी में राज्यस्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को दो मैच खेले गए। पहले मैच में आजाद स्पोर्ट्स क्लब ने मध्य प्रदेश की सतना और दूसरे मैच में वाराणसी ने प्रतापगढ़ को हराकर बाहर कर दिया। जीत के साथ दोनों टीमें अगले दौर में पहुंच गईं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सतना की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 121 रन बनाए। सतना की ओर से आयुष यादव ने उत्कृष्ट बल्लेबाजी करते हुए 57 गेंदों पर 70 रन की अर्द्धशतकीय पारी खेली। इसमें छह चौके और चार छक्के शामिल रहे। आजाद स्पोर्ट्स क्लब जूनियर की ओर से गेंदबाजी में चंदन यादव और विशाल यादव ने 2-2 विकेट झटके, जबकि प्रांजल यादव और यश सिंह को भी एक-एक सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आजाद स्पोर्ट्स क्लब जूनियर की टीम ने बेहतरीन तालमेल के साथ बल्लेबाजी करते हुए मात्र 16.5 ओवर में 3 विकेट खोकर 122 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में प्रियांशु ने अहम भूमिका निभाते हुए 47 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए। वहीं, अजीत साहू ने आक्रामक अंदाज में 34 गेंदों पर 45 रन की तेज पारी खेली। सतना की ओर से गेंदबाजी में अमित व राहुल को एक-एक सफलता मिली, जबकि अन्य गेंदबाज प्रभावी साबित नहीं हो सके। दूसरे मैच में वाराणसी की टीम ने प्रतापगढ़ को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। इस मौके पर संजय श्रीवास्तव, अमर बहादुर सिंह, विजयशंकर राय, राजमणि पांडेय, राजकुमार सरोज, जेपी सिंह, रामजीत यादव, श्याम बहादुर यादव, दिनेश यादव, परमेंद्र गौतम आदि रहे।