ज्ञानपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु की बैठक हुई। इसमें उद्यमियों की समस्याओं पर चर्चा की गई। डीएम ने निर्यातकों, उद्यमियों की समस्याओं को प्राथमिकता से निस्तारित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। कहा कि उद्यमियों की मेहनत से जिले में निवेश होगा। उद्यमियों ने माधोसिंह से खमरिया होकर टेढवा जाने वाला मार्ग बदहाल होने की शिकायत की। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन ने बताया कि टेंडर हो चुुका है, शीघ्र निर्माण होगा। एकमा की ओर से भदोही कस्बे में जल निकासी की समस्या की शिकायत पर अधिशासी अधिकारी ने प्रस्ताव तैयार होने की बात कही। विद्युत उपकेंद्र गंगापुर रोड पर इंटरलॉकिंग सड़क एवं सीवर पाइप लाइन के संबंध में ईओ ने बताया कि कार्ययोजना स्वीकृत हो गई है। खमरिया में विद्युत आपूर्ति खराब होने पर डीएम ने नाराजगी जताई। बीडा के आवासीय योजना में नाले के ठीक बगल में एसिसडा भवन की तरफ नाले की पक्की दीवार न होने और रजपुरा स्थित दो मंजिला रिंग मार्केट में वाहन पार्किंग की समस्या की शिकायत भी उद्यमियों ने की। डीएम ने विभागीय अधिकारियों से इस पर ठोस कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों की स्थापना, निवेश मित्र पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन के निस्तारण पर जोर दिया गया। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि 2022 में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना में 44, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में 48 का लक्ष्य मिला है। ओडीओपी योजना में 124 का लक्ष्य मिला है, जिसमें 86 आवेदन बैंकों में ऋण के लिए भेजे गए हैं। इस मौके पर सीडीओ भानु प्रताप सिंह, उपायुक्त उद्योग उमेश कुमार वर्मा, ईओ जी लाल संग एकमा अध्यक्ष मो. रजा खान, ओंकारनाथ मिश्र, असलम महबूब, पीयूष बरनवाल आदि रहे।