{"_id":"67fe6c586f9abefc6103705d","slug":"registration-for-amarnath-yatra-begins-crowd-of-devotees-gathered-on-the-very-first-day-2025-04-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bhadohi News: अमरनाथ यात्रा का पंजीकरण शुरू, पहले ही दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bhadohi News: अमरनाथ यात्रा का पंजीकरण शुरू, पहले ही दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
Tue, 15 Apr 2025 07:55 PM IST
नितीश कुमार पांडेय
अमर उजाला नेटवर्क, भदोही
अमर उजाला नेटवर्क, भदोही
Published by: नितीश कुमार पांडेय
Updated Tue, 15 Apr 2025 07:55 PM IST
सार
अमरनाथ यात्रा का पंजीकरण शुरू हो गया है पहले दिन भक्तों की भीड़ उमड़ी दिखाई दी। भक्तों ने इस यात्रा के लिए उत्साह दिखाया है। यात्रा के आखिरी तारीख से एक सप्ताह पहले तक पंजीकरण होगा।
विज्ञापन
अमरनाथ यात्रा का पंजीयन शुरू हुआ
- फोटो : Amar Ujala
विस्तार
इस साल अमरनाथ यात्रा की शुरूआत तीन जुलाई को हो रही है, जो नौ अगस्त तक चलेगी। अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं का रजिस्ट्रेशन आरंभ हो गया है। मंगलवार को रजिस्ट्रेशन की शुरूआत होते ही सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु नगर स्थित जे एंड के बैंक शाखा पर उमड़ पड़े।
विज्ञापन
भीड़ इतनी हो गई थी कि बैंक के गेट बंद करने पड़े और पुलिस भी बुलानी पड़ी। शाम लगभग पांच बजे तक 100 यात्रियों को पंजीकरण प्रमाण पत्र मिल सका था। अमरनाथ यात्रा का पंजीकरण शुल्क 150 रुपये निर्धारित किया गया है। 38 दिन की यह तीर्थयात्रा 3 जुलाई को शुरू होकर 9 अगस्त तक चलेगी।
विज्ञापन
यात्रा के लिए पहलगाम और बालटाल दो मार्ग नामित किए गए हैं। तीर्थयात्रियों के अनुसार पहलगाम मार्ग दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में पारंपरिक 48 किलोमीटर का मार्ग है। वहीं बालटाल मार्ग गांदरबल जिले से होते हुए अमरनाथ पहुंचता है, जो केवल 14 किलोमीटर लंबा है। इस मार्ग पर श्रद्धालुओं को खड़ी चढ़ाई चढ़नी पड़ती है।
विज्ञापन
यात्रा पर जाने से पूर्व पंजीकरण कराना होता है। इसके बिना यात्रा की अनुमति नहीं होती। जनपद में यात्रियों के पंजीकरण के लिए जे एंड के बैंक को अधिकृत किया गया है। श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) की एडवाईजरी के अनुसार बोर्ड के अनुसार 13 वर्ष से कम और 75 वर्ष से अधिक आयु के लोग साथ ही छह सप्ताह से अधिक गर्भवती महिलाओं को तीर्थयात्रा पर जाने की मनाही है।
मंगलवार को पहले ही दिन 10 बजे से पहले पहले स्टेशन रोड स्थित शाखा के बाहर सैकड़ों की भीड़ पहुंच गई थी। दोपहर 12 बजे तक संख्या में और बढ़ोत्तरी हो गई थी। बैंक के बाहर भीड़ और बैंक के ग्राहकों की भी भीड़ एक साथ होने से बैंक अधिकारी और कर्मचारी परेशान हो गए। भीड़ के चलते बैंक का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया था।
भीड़ की जानकारी पाकर शहर कोतवाल सच्चिदानंद पांडेय भी हमराहियों के साथ पहुंच गए थे। उन्होंने अंदर जाकर स्थिति का जायजा लिया। भीड़ से बात भी की और उन्हें समझाया कि सबका पंजीकरण होगा। शांतिपूर्वक अपनी बारी का इंतजार करें। जिन 100 यात्रियों को पंजीकरण प्रमाण पत्र मिल गया वे हंसी-खुशी झूमते हर हर महादेव के उद्घोष के साथ बैंक से बाहर निकले।
आज पहला दिन था, लोग पंजीकरण कराने के लिए उतावले थे। भारी भीड़ को किसी तरह मैनेज किया गया। पहले दिन 125 लोगों को पंजीकरण प्रमाण सौंपा गया। हर रोज सुबह 10 बजे से 4 बजे तक पंजीकरण कार्य होगा। किसी को निराश नहीं किया जाएगा। मो. यासीन डार, मुख्य प्रबंधक- जे एंड के बैंक, भदोही शाखा।