ज्ञानपुर। कोरोना संक्रमण काल के बाद भी केंद्र सरकार ने आम बजट में समाज के हर तबके के लिए कुछ न कुछ दिया है। 2024 तक हर घर तक शुद्ध पानी पहुंचेगा, इसके लिए भी सरकार ने योजना शुरू की है। जिले के प्रभारी एवं सूबे के पशुधन मत्स्य एवं दुग्ध विकास राज्य मंत्री जेपी निषाद ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में आम बजट को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में उक्त बातें कही।
उन्होंने कहा कि 2021-22 के बजट में गांव, गरीब और किसान कल्याण पर ध्यान दिया गया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पूरे देश ने कोरोना महामारी को मात देने में सहयोग किया। आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना से करीब 75 हजार गांव को वेलनेस सेंटर्स की मदद मिलेगी। 602 जिलों में क्रिटिकल केयर हास्पिटल शुरू होने से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ेगी। सरकार ने रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रेलवे के क्षेत्र में अधिक बजट आवंटित किया। आम बजट में प्रदेश को भी काफी कुछ मिला। एससीएसटी बाहुल्य इलाकों में एकलव्य विद्यालय खुलेंगे साथ ही जल जीवन मिशन योजना से हर घर तक शुद्ध पानी पहुंचाया जाएगा। किसानों के हित पर सरकार ने विशेष ध्यान दिया है। कोरोना संक्रमण काल के दौरान जनधन खाता धारकों, पेंशनधारकों को सात से आठ माह तक अतिरिक्त धनराशि दी गई। इस मौके पर जिलाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष हौसिला पाठक, मदन बिंद, चेयरमैन भदोही अशोक जायसवाल आदि रहे।