औराई। पिता की करतूतों से तंग आकर इस्लाम छोड़कर हिंदू धर्म अपनाने वाली युवती की गंभीर बीमारी का इलाज अब फिल्म अभिनेता सोनू सूद कराएंगे। युवती के इलाज के लिए लंबे समय से जुटे हिंदू युवा संगठन के अध्यक्ष ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सूद ने युवती के इलाज का खर्च वहन करने की बात कही है। इलाज के लिए उसे हरियाणा के करनाल भेजा जाएगा।
2012-13 में पिता की हवस और प्रताड़ना से आजिज आकर युवती घर छोड़कर अहमदाबाद चली गई थी। इसके बाद उसने हरिद्वार में वैदिक क्रियाविधियों के बीच हिंदू धर्म अपना लिया। बाद में एक सड़क दुर्घटना में कमर में गंभीर चोट लगने के कारण वह बोन टीबी का शिकार हो गई। तकरीबन सात साल बाद वह घोसिया अपने घर पहुंची तो पिता ने उपेक्षित कर दिया। इसके बाद हिंदू युवा संगठन के नेता नीतीश चौबे ने ट्वीट के जरिए यह बात शासन तक पहुंचाई। इस पर हरकत में आए जिला प्रशासन ने उसके इलाज की व्यवस्था कराई। स्थानीय स्तर पर इलाज की समुचित व्यवस्था न होने के कारण पिछले महीने उसे मिर्जापुर मंडलीय अस्पताल भेज दिया गया। जहां युवती को वह इलाज नहीं मिल पा रहा था, जिसकी उसे जरूरत है। चौबे ने बताया कि इस संबंध में अभिनेता सोनू सूद से बातचीत हुई तो उन्होंने इलाज का पूरा खर्च उठाने का आश्वासन दिया है। 23 अक्तूबर को उसे हरियाणा के करनाल उपचार के लिए भेजा जाएगा। मिर्जापुर सीएमओ ने एंबुलेंस की व्यवस्था कराने की बात कही है।