ज्ञानपुर। माध्यमिक विद्यालयों में ऑनलाइन हाजिरी लगाने के लिए सख्ती शुरू हो गई है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की नाराजगी के बाद डीआईओएस ने 130 वित्तविहीन विद्यालयों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। सभी को 20 सितंबर तक व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में 38 राजकीय, 25 वित्तपोषित और 130 वित्तविहीन माध्यमिक एवं इंटर कॉलेज हैं। इनमें करीब एक लाख 30 हजार विद्यार्थी पंजीकृत हैं। परिषदीय विद्यालयों की तर्ज पर एक जुलाई 2025 से माध्यमिक स्कूलों में भी शिक्षकों और विद्यार्थियों की ऑनलाइन हाजिरी लगाने की पहल शुरू की गई है। राजकीय और एडेड विद्यालयों में हाजिरी 60 से 70 फीसदी तक लगनी शुरू हो गई, लेकिन वित्तविहीन विद्यालय अब भी तकनीकी कारण का बहाना बताकर विद्यार्थियों और शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी नहीं लगा रहे हैं। एक सप्ताह पूर्व परिषद की बैठक में इसको लेकर नाराजगी जताई गई। इसमें भदोही समेत 33 जिलों की प्रगति ठीक नहीं पाई गई। परिषद ने कहा है कि सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और वित्तविहीन माध्यमिक स्कूलों को छात्रों, शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की शत प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करनी होगी। उपस्थिति परिषद के वेब पोर्टल या मोबाइल एप के माध्यम से दर्ज करनी होगी। डीआईओएस अंशुमान ने बताया कि परिषद के निर्देश पर लापरवाही बरतने वाले 130 स्कूलों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। सभी को एक सप्ताह में सुधार के निर्देश दिए गए हैं। 20 सितंबर तक प्रगति ठीक नहीं हुई तो कार्रवाई की जाएगी।