ज्ञानपुर। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के बैनर एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को विभिन्न मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय पर धरना दिया। नियमितीकरण, कैशलेस इलाज समेत छह सूत्री मांगों का ज्ञापन सीएमओ को सौंपा। वक्ताओं ने कहा कि वह 18 साल से स्वास्थ्य विभाग में सेवा दे रहे हैं। कई बार मांग करने के बाद भी उनको नियमित नहीं किया गया। इसके साथ ही समान कार्य के लिए समान वेतन और मौजूदा वेतन में वृद्धि की मांग रखी। सभी संविदा कर्मचारियों को कैशलेस इलाज की सुविधा देने की भी मांग की गई। कर्मचारियों ने महंगाई भत्ता, ईपीएफ, एचआरए और ग्रेच्युटी का लाभ देने की मांग की। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित करने की मांग भी की गई। प्रदर्शन में वीरेंद्र कुमार, विनोद मिश्रा, रोहित सिंह, नंदलाल, होली श्रीवास्तव, संजीत आदि रहे।