ज्ञानपुर। हरितालिका तीज के मद्देनजर जिले के विभिन्न बाजारों में रौनक बढ़ गई है। सुबह से ही बाजारों में महिलाओं की भीड़ उमड़ने लग रही है, जो देर शाम तक लगी रहती है। तीज सुहागिन महिलाओं का प्रमुख त्योहार है। इस दिन महिलाएं पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। वहीं कुंआरी कन्याएं मनोवांछित वर पाने के लिए व्रत रखती हैं। शृंगार के सामान पांच रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक बिक रहे हैं। वहीं 800 से 2000 रुपये तक की साड़ियों की मांग ज्यादा है।
व्रत को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह दिख रहा है। बाजारों में सोलह शृंगार, कपड़े की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ देखी जा रही है। महिलाएं साड़ी, लहंगा, चूड़ियां, बिंदी, मेहंदी, सिंदूर सहित विभिन्न सामानों की खरीदारी करने में जुटीं हैं। इसके अलावा पूजन सामग्री, फल, फूल और मिठाइयों की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई है। ज्ञानपुर की ब्यूटी पार्लर रेखा उपाध्या ने बताया कि रविवार को मेहंदी लगाने के लिए 16 आर्डर मिले हैं। दुकान पर रोजाना भीड़ हो रही है। कई महिलाओं ने हाथों पर सुंदर मेहंदी के डिजाइन लगवाए। उधर, दुकानदारों में भी त्योहार को लेकर खासा उत्साह दिख रहा है। बीते साल की अपेक्षा इस बार बिक्री अच्छी है। ज्ञानपुर के कपड़ा व्यापारी अजय शुक्ला ने बताया कि तीज को लेकर दो दिन से बाजार में अच्छी चहल-पहल है। महिलाओं की पसंद को देखते हुए नई डिजाइन की साड़ियां और लहंगे मंगाए गए हैं। उधर, त्योहार को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी बाजारों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिले के प्रमुख चौराहे पर सुबह-शाम पुलिसकर्मी चक्रमण करते नजर आ रहे हैं।