भदोही। केन्द्र व राज्य सरकार गरीबों के लिए तमाम योजनाएं संचालित कर रही है। उन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को मिले, इसके लिए अधिकारी अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाएं। सांसद रमेश बिंद ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता करते अधिकारियों को यह निर्देश दिया। कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में अधिकारी और जनप्रतिनिधि के बीच समन्वय जरूरी है। सांसद ने औराई अग्निकांड को देखते हुए 100 शैय्या अस्पताल में बंद बर्न यूनिट को अविलंब संचालित करने का निर्देश दिया। कहा कि डॉक्टरों की उपस्थिति को लेकर वह खुद प्रयास करेंगे। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने स्वयं सहायता समूहों को आवंटित 32 दुकानों की वैधानिकता की जांच कराने की मांग की। साथ ही धनतेरस और दीवाली के बाजार को देखते हुए भीड़-भाड़ वाले बाजारों में 100 या 200 मीटर एरिया तक नो बाइक जोन बनाने की भी अपील की। भदोही चेयरमैन अशोक जायसवाल ने चोरियों पर अंकुश लगाने की मांग की। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि रातों में गश्त बढ़ा दी गई है। गांवों में राजस्व टीम के साथ समस्याओं का निस्तारण भी किया जा रहा है। जलजीवन मिशन में बरती जा रही लापरवाही को सुधारने की मांग की गई। सांसद ने प्रधानों द्वारा गलत जगह पर टंकी निर्माण की जांच में मामला सही पाए जाने पर कार्रवाई का निर्देश दिया। कहा कि तहसीलदार व उप जिलाधिकारी मुआयना कर कार्रवाई करें। विधायक दीनानाथ भास्कर ने डोमनपुर, शेरवा, चिवटहिया, नरथुआ, मरसड़ा आदि ग्रामों में सामुदायिक शौचालय की निर्माण की जांच कराने की मांग की। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत नवधन गांव में सामुदायिक शौचालय की जांच करने का निर्देश दिया। सांसद ने पेंशन के संबंध में पोर्टल पर आने वाली शिकायतों को खंड विकास अधिकारी व नगरी क्षेत्र में उप जिलाधिकारी स्तर से निस्तारण करने का निर्देश दिया। साथ ही परिवारिक लाभ व किसान दुर्घटना बिमा योजना के क्रियान्वयन पर जोर दिया। विकलांगों के लिए बैटरी वाली गाड़ी के वितरण की अपेक्षा की गई। दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने बताया कि 60 बैटरी वाली गाड़ी का वितरण 15 दिनों के अंदर किया जाएगा। ट्रांसफार्मर न बदलने पर अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की और कार्रवाई का निर्देश दिया। सांसद ने शेरपुर में पिछले वर्ष आई आंधी में टूटे सात खंभों को न बदले जाने पर भी कड़ी नाराजगी व्यक्त की। घोरहां में लाइनमैन की आकस्मिक मृत्यु पर परिवार को लाभान्वित करने का निर्देश दिया। बैठक में धान क्रय केंद्र खुलने के मानकों पर विमर्श के साथ अधिक से अधिक फसलों का बीमा कराए जाने का निर्देश दिया गया। महराजगंज में निर्माणाधीन आयुर्वेदिक चिकित्सालय शुरू करने पर जोर दिया। परिषदीय स्कूलों में बच्चों को किताबें और उपकरण देने का निर्देश दिया। स्कूलों के कायाकल्प पर भी जोर दिया गया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक औराई दीनानाथ भाष्कर, ज्ञानपुर विपुल दूबे, भाजपा जिलाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी भानु प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार मिश्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।