UP Crime: भदोही में सपा विधायक के आवास पर युवती ने की खुदकुशी, फंदे से लटककर मौत को लगाया गले
Bhadohi News: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां सपा विधायक के आवास पर एक युवती ने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भदोही नगर के पंचभैय्या वार्ड स्थित सपा विधायक जाहिद बेग के आवास पर तीसरी मंजिल के कमरे में सोमवार को एक युवती ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती बीते 10 सालों से विधायक के यहां काम करती थी। मामले की जानकारी होते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर युवती का शव बाहर निकाला।
मामदेवपुर स्थित कांशीराम आवास निवासी इमरान शेख की 18 वर्षीय पुत्री नाजिया बीते 10 सालों से भदोही के सपा विधायक जाहिद बेग के यहां काम करती थी। वह विधायक के आवास में ही रहती थी।
रविवार की देर रात उसने विधायक के आवास की तीसरी मंजिल पर स्थित एक कमरे में खुद को बंद कर फंदे से झूल गई। सोमवार की सुबह देर तक दरवाजा न खुलने पर विधायक का पूरा परिवार ऊपर पहुंचा। पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।
सीओ अजय सिंह चौहान अन्य पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो युवती दुपट्टे के सहारे पंखे से लटक रही थी। सीओ अजय सिंह चौहान ने बताया कि युवती का पोस्टमार्टम दो चिकित्सकों की पैनल करेगी। वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
युवती ने आत्महत्या क्यों की, यह स्पष्ट नहीं है। विधायक जाहिद बेग ने कहा कि पुलिस ने खुद दरवाजा तोड़कर शव निकाला है। इस मामले में पुलिस ही कुछ जवाब दे सकती है।
बुनकर पिता और मां के नहीं थम रहे आंसू
मृतक नाजिया के पिता इमरान शेख बुनकर हैं। गरीबी के कारण बच्ची विधायक के यहां काम करती थी। बातचीत में इमरान ने बताया कि बीते दस सालों से बेटी विधायक के यहां काम कर रही थी, लेकिन कभी कुछ शिकायत नहीं मिली। बेटी ने अचानक ऐसा कदम क्यों उठा लिया। यह उन्हें भी नहीं समझ आ रहा है। बेटी के मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वह दो दिन पहले ही उससे मुलाकात कर लौटी थी। उसे नहीं पता था कि बेटी से यह उनकी आखिरी मुलाकात है।