Bhadohi News: गायिका से दुष्कर्म मामले में पूर्व विधायक विजय मिश्र और पोते विकास की पेशी, पीड़िता के बयान पर हुई जिरह
वाराणसी की एक गायिका से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में बुधवार को पूर्व विधायक विजय मिश्र, उनके पौत्र विकास मिश्र को कोर्ट में पेश किया गया। जहां एक घंटे से अधिक समय तक जिरह चली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी की एक गायिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पूर्व विधायक विजय मिश्र, उनके पौत्र विकास मिश्र को बुधवार को एमपी-एमएलए अपर जिला जज तृतीय ज्ञानेंद्र सिंह की अदालत में पेश किया गया। न्यायालय में पीड़िता के बयान पर जिरह हुई। पूर्व विधायक के पौत्र विकास के मामले में जिरह की गई। पूर्व विधायक की जिरह पहले ही पूरी हो गई है।
वाराणसी की एक गायिका ने गोपीगंज थाने में 18 अक्तूबर 2020 को सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप लगाया था कि विजय मिश्र, उनके बेटे विष्णु मिश्र और पौत्र विकास मिश्र ने उसके साथ दुष्कर्म किया। मौजूदा समय में विजय मिश्र आगरा जेल और विकास ज्ञानपुर जिला कारागार में निरुद्ध है।
22 जून को होगी अगली सुनवाई
बुधवार को पूर्व विधायक और उनके पौत्र को कोर्ट में पेश किया गया। जहां एक घंटे से अधिक समय तक जिरह चली। पूर्व विधायक के अधिवक्ता राधेश्याम चौबे, हंसाराम शुक्ला और आनंद शुक्ला ने बताया कि पूर्व विधायक के पौत्र के मामले में जिरह शुरू हो गई है। अगली तिथि 22 जून को तय की गई है।
वीडियो कांफ्रेंसिंग से मुख्तार अंसारी की पेशी
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट/एमपी एमएलए श्वेता चौधरी (मऊ) की कोर्ट में बुधवार को पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी की वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेशी हुई। दक्षिण टोला थानाक्षेत्र के असलहा प्रकरण और सरायलखंसी थाना क्षेत्र के विधायक निधि के दुरुपयोग के मामले में यह पेशी हुई। जज ने निधि के दुरुपयोग मामले में 13 और असलहा प्रकरण में 20 जून की तिथि अगली सुनवाई के लिए तय की है। मुख्तार इस समय बांदा जेल में बंद है।
अभियोजन के अनुसार, दक्षिण टोला थाने में तत्कालीन थानाध्यक्ष निहाल नंदन की तहरीर पर मुख्तार अंसारी के विरुद्ध असलहा प्रकरण में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसमें मुख्तार अंसारी सहित सात लोगों को आरोपी बनाया गया। मामले में बुधवार को एसीजेएम/एमपी एमएलए कोर्ट में मुख्तार की पेशी हुई।
विधायक निधि के दुरुपयोग मामले में दर्ज मुकदमे में भी मुख्तार अंसारी की पेशी हुई। मुख्तार अंसारी के अधिवक्ता दारोगा सिंह ने दोनों मामलों में बहस के लिए समय मांगा। एसीजेएम ने विधायक निधि के दुरुपयोग के मामले में 13 जून और असलहा मामले में अगली पेशी के लिए 20 जून की तिथि तय की है।