गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के सोनखरी गांव में शनिवार को दो पक्षों में मारपीट होने से कई लोग घायल हो गये। दोनों पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने दोनों पक्ष से शामिल नौ महिलाओं का चालान कर दिया।
साहिन बानो की शादी सोनखरी निवासी राजू उर्फ मोहम्मद रिजवान से हुई है और साहिन तीन पुत्रियों की मां है, लेकिन पुत्र नहीं है। आरोप है कि परिवार में पुत्र न होने को लेकर साहिन कई वर्षों से उलाहना बर्दाश्त कर रही थी। सास-ससुर इस बात की धमकी देते रहते हैं कि पुत्र की दूसरी शादी कर देंगे। किसी अनहोनी के डर से साहिन कमरे का ताला बंद कर मायका निगजपुर-हंडिया प्रयागराज चली गई। बताया जा रहा है कि साहिन अपने ससुराल सोनखरी नहीं आना चाहती थी, लेकिन किसी तरह समझा बुझाकर उसकी बहन उसे लेकर सोनखरी पहुंची, तो देखा कि साहिन के कमरे का ताला तोड़कर ससुराल पक्ष के लोग बैठे हैं। साहिन के विरोध करने पर दोनों पक्ष में जमकर मारपीट शुरु हो गई और कई लोगों को चोटें भी आईं। बताया जा रहा है कि चौकी पुलिस से हुई शिकायत पर पीड़ित साहिन और उसकी बहन होमगार्ड के साथ चौकी आ रहे थी। उस समय भी ससुराल पक्ष के लोगों ने रास्ते में घेरेबंदी कर पिटाई की। उप निरीक्षक मनोज राय ने बताया कि दोनों पक्ष की शिकायत पर एक पक्ष से पांच और दूसरे पक्ष से चार कुल नौ महिलाओं का चालान शांतिभंग के आरोप में कर जांच की जा रही है।