भदोही। स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहा कायाकल्प व सुंदरीकरण के कार्य चार माह से ठप है। करीब 22.2 करोड़ की इस परियोजना में धांधली की शिकायत पर जुलाई में सीबीआई ने तीन रेल अधिकारियों, ठेकेदार सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से ही अब तक काम शुरू नहीं हो सका है। भदोही रेलवे स्टेशन पर 12 फ्लैट वाली आवासीय काॅलोनी, नए स्टेशन भवन का निर्माण सहित अन्य कार्य करीब 70 प्रतिशत हो चुके हैं। इसके अलावा आधुनिक प्रतीक्षालय, निकास द्वार का सुंदरीकरण, प्लेटफार्म सतह का सुधार कार्य, रैम्प आदि का कार्य शुरू भी नहीं हुआ है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चयनित देश के 508 स्टेशनों में भदोही भी शामिल हैं। मानचित्र के अनुसार स्टेशन भवन का निर्माण, आधुनिक प्रतीक्षालय, फुट ओवरब्रिज, बेबी फीडिंग कक्ष, कैफेटेरिया, आरामदायक आधुनिक फर्नीचर, निकास द्वार का सुंदरीकरण, प्लेटफार्म सतह का सुधार कार्य, रैंप, यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त शेड व आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की योजना है। इस परियोजना में कमीशनखोरी के मामले में सीबीआई लखनऊ की एंटी करेप्शन ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए परियोजना के डिप्टी चीफ इंजीनियर, विवेक कुशवाहा, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (ड्राइंग) अशोक रंजन, कार्यालय अधीक्षक अंजुम निशा के अलावा निर्माण एजेंसी के संचालक प्रवीण कुमार सिंह और कर्मचारी जिमी सिंह को गिरफ्तार किया था। जिन पर आरोप है कि बिलों के भुगतान के लिए लखनऊ व वाराणसी के रेल अधिकारी निर्माण एजेंसी के संचालक से रुपये वसूल रहे थे। जुलाई माह में हुई कार्रवाई के बाद अब तक दोबारा काम चालू नहीं हो सका है। स्टेशन अधीक्षक बीबी मिश्र ने बताया कि यह प्रकरण उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है। उनके स्तर से ही कोई निर्णय लिया जाएगा। हमें इस संदर्भ में कोई जानकारी है।