अयोध्या में 6 से 9 सितंबर तक होने वाली पं.दीनदयाल उपाध्याय सीनियर हॉकी प्रतियोगिता में विंध्याचल मंडल की टीम में भदोही के 10 हॉकी खिलाड़ियों का चयन हुआ है। 10 सदस्यीय हॉकी टीम शनिवार को प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए अयोध्या के लिए रवाना हुई।
जिला उप क्रीड़ाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मंडलीय टीम में आर्यन राय, विनय चौरसिया, रमेश गौतम, चंद्र कुमार, नागेश राय, आशीष बिंद, संकेत पाल, अर्पित यादव, किशन पाल एवं आकाश गौतम का चयन हुआ है। चयनित सभी खिलाड़ी अयोध्या में मंडलीय टीम की ओर से प्रतिभाग करने के लिए अयोध्या रवाना हो चुके हैं। जिला हॉकी संघ के सचिव राज कमल ने अपनी टीम के अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद की है। इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए पहले भदोही के जिला स्टेडियम में तीन सितंबर को जिला स्तरीय चयन ट्रायल और इसके बाद उसी दिन मिर्जापुर में मंडलीय चयन ट्रायल का आयोजन किया गया था। मंडलीय ट्रायल में इन खिलाड़ियों का चयन हुआ था।