ज्ञानपुर। लगभग 10 वर्षों से जिले में लटकी सफाईकर्मी नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने सोमवार को फिर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा और प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने की अनुमति मांगी।
सोमवार को अभ्यर्थी रामलाल निवासी बैदा खास के नेतृत्व में मुख्यालय पहुंचे अभ्यर्थियों ने कहा कि जब तक वह प्रदेश के मुखिया तक अपना दर्द नहीं पहुंचाएंगे तब तक कोई बात नहीं बन सकती। कई वर्षों से अधर में लटकी नियुक्ति को बहाल कराने के लिए आमरण अनशन, धरना-प्रदर्शन, भूख हड़ताल, जिला बंद और आंदोलन तक किया जा चुका है, बावजूद इसके जिले में तैनात अधिकारी उनकी मांगों को प्रदेश तक नहीं पहुंचा रहे हैं। इसका कारण भी है कि चयन समिति में नामित अधिकारियों-कर्मचारियों की भ्रष्टाचार नीति से नियुक्ति नहीं हो सकी है। मुख्यमंत्री से मिलने की अनुमति मिलते ही अभ्यर्थी पूरे रिकार्ड के साथ दरबार में पहुंचेंगे। प्रदर्शन करने वालों में श्रवण कुमार पासी, बुलंदर कुमार, रामशंकर, इदरीश अली, उमाशंकर बिंद, छोटेलाल पासी, सजावल कुमार, विकास सिंह, मोहनलाल, राजेंद्र कुमार, तुलसीराम, शिवलाल आदि रहे।