ज्ञानपुर। मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित डीएम और एसपी दरबार में अतिक्रमण, फर्जीवाड़ा कर पट्टा कराने के मामलों की झड़ी लगी रही। शिकायतों को सुनकर अधिकारियों ने मातहतों से वास्तविक कदम उठाने का भरोसा दिलाया। सुरियावां थानाक्षेत्र के रामचंदरपुर गांव निवासी विवेक प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि आधा दर्जन मनबढ़ पड़ोसी ग्रामसभा के तीन बीघे से अधिक जमीनों पर अवैध कब्जा कर लिया है, जिसकी शिकायत करने पर गत माह मारपीट की गई और हजारों के सामान को क्षति पहुंचाई गई। थाने में सूचना देने के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर पा रही है। मामले में सख्त कदम उठाकर मनबढ़ों के खिलाफ और ग्रामसभा की जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराना जनहित में होगा। इसी क्रम में औराई थाना क्षेत्र के गोरी गांव निवासी उर्मिला, विशाल, कड़ेप्रसाद, मेवालाल, राजेश, लालचंद, शोभनाथ, शेषनाथ, जगरनाथ पाल, राजेंद्र पाल, सुरेशचंद यादव, हरेंद्र सिंह, इंद्रजीत सिंह, रोहित यादव, गुलाब यादव, लोरिक, गोपाल, विनोद यादव ने का आरोप रहा कि पंचायत भवन, आंगनबाड़ी, स्कूल के नाम पर आवंटित सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण का खेल धड़ल्ले के साथ मनबढ़ कर रहे हैं। बार-बार थाना और तहसील प्रशासन से शिकायत करने पर भी कार्रवाई नहीं हो पा रहे। मामले की उच्च स्तरीय जांच कराकर अतिक्रमण रोकवाया जाए। अभोली ब्लॉक क्षेत्र के सेमरा प्रधान ने सेवानिवृत्त रेल कर्मी पर फर्जीवाड़ा कर 10 बिस्वा जमीन पर अवैध कब्जा का आरोप लगाते हुए जांच कराकर पट्टा निरस्त करने की मांग की।