भदोही: प्रेमी से बात करने पर नाराज दो भाइयों ने बहन की गला दबाकर की हत्या, आत्महत्या की रची कहानी
भदोही के गोपीगंज क्षेत्र के जखांव गांव में दो भाइयों ने अपनी बहन की गला दबाकर हत्या कर दी। बहन के एक युवक से बातचीत करने पर दोनों नाराज थे। हत्या के बाद उन्होंने इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई। पुलिस पूछताछ में दोनों भाइयों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
विस्तार
गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के जखांव गांव में युवती की संदिग्ध मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, युवती की हत्या उसके ही दो भाइयों ने गला दबाकर की थी। दोनों भाई उसके एक युवक से बातचीत करने से नाराज थे। हत्या के बाद उन्होंने परिजनों को युवती के फंदे पर झूलकर आत्महत्या करने की बात बताई थी। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से दम घुटने के कारण मौत होने की पुष्टि हुई। पुलिस पूछताछ में दोनों भाइयों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इनमें एक आरोपी 18 वर्ष का है, जबकि दूसरा 16 वर्ष का नाबालिग है।
शाम को घर लौटे पिता तो मिली बेटी की लाश
जखांव गांव निवासी तेरस बिंद गोलगप्पे की दुकान लगाते हैं। उनके परिवार में दो बेटियां और दो बेटे हैं। बीते बुधवार को वह रोज की तरह दुकान लगाने गए थे। शाम करीब सात बजे घर लौटे तो मकान का शटर बंद मिला। उन्होंने बेटी खुशबू को कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया।
अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने शटर उठाया और अंदर पहुंचे। वहां बेटी खुशबू मृत अवस्था में पड़ी थी। घटना के समय खुशबू घर में अकेली थी। उसकी मां सब्जी बेचने बाजार गई थीं, जबकि दोनों भाई भी घर से बाहर थे।
भाइयों ने बताई थी आत्महत्या की बात
पिता के घर पहुंचने पर दोनों भाइयों ने बताया कि खुशबू ने फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली है। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआत में मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटनाक्रम बदल गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
पोस्टमार्टम में युवती की मौत फंदे पर लटकने से नहीं, बल्कि दम घुटने से होने की पुष्टि हुई। उसके गले पर रस्सी या किसी अन्य वस्तु से फंदा लगाने के निशान भी नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानकर परिजनों से पूछताछ शुरू की।
युवक से बातचीत करने पर थे नाराज
पुलिस जांच में सामने आया कि खुशबू किसी युवक से बातचीत करती थी। इस बात को लेकर उसके दोनों भाई नाराज रहते थे। बुधवार को भी वह युवक से फोन पर बात कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों की उससे कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों ने मिलकर उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों ने घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
एएसपी बोले- पूछताछ में दोनों ने कबूला जुर्म
एएसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि घटना के समय माता-पिता घर के बाहर थे और तीनों भाई-बहन घर पर थे। पिता के लौटने पर दोनों भाइयों ने बहन के आत्महत्या करने की जानकारी दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद पूछताछ की गई तो दोनों भाइयों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।