ज्ञानपुर। पंडित मदन मोहन मालवीय स्टेडियम प्रयागराज में आयोजित राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भदोही के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया है। एक गोल्ड समेत छह पदक जीत लिया। बृहस्पतिवार को जिला एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों ने पदक विजेताओं का स्वागत किया।
जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव कैलाशनाथ पाल ने बताया कि 23 और 24 अगस्त को प्रयागराज में आयोजित राज्य स्तरीय एथलेटिक्स में प्रदेश भर के खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिसमें जिले से भी 21 खिलाड़ियों का दल गया था। दो दिवसीय खेलकूद में हर्ष तिवारी ने अंडर-18 जैवलिन थ्रो में स्वर्ण, अंडर-20 में वत्सल राय ने हैमर थ्रो में रजत पदक, अंडर-20 में वैभव सिंह ने जैवलिन में रजत, शिवानी सिंह साहू ने हैमर थ्रो में रजत पदक प्राप्त किया। अंडर-16 में अनुराधा बिंद ने बालिका 600 मीटर में कांस्य पदक और अंडर-14 600 मीटर में लकी बिंद ने कांस्य पदक जीता। अंतरराष्टीय कोच मो. रूस्तम खान, अच्युदानंद राम, श्याम बिहारी मौर्य, राकेश पाल, जीत नारायण यादव, मनोज कुमार उपाध्याय, शाहिद खान आदि ने खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन पर खुशी जताई। संवाद