ज्ञानपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को डीएम आर्यका अखौरी ने जल जीवन मिशन और ग्रामीण पेयजल कार्यों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि खंड विकास अधिकारी अपने क्षेत्रों में निर्माणाधीन, संचालित पेयजल योजनाओं का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट सौंपेंगे जिससे कार्यों को समयसीमा में पूर्ण करने और तकनीकी खामियों को दूर कराया जा सकता है। जलनिगम की रिपोर्ट पर जिले में निर्माणाधीन एक हजार से अधिक जल जीवन मिशन की परियोजनाएं, पाइप लाइन विस्तार, 100 दिन की कार्य योजना में शामिल 14 परि योजनाओं से शुद्ध पेयजल मुहैया कराने की विस्तृत जानकारी ली। अधिशासी अभियंता जल निगम मुजीब अहमद ने बताया कि ज्ञानपुर के रायपुर, वारी, गजधरा, चककिशुनदास, भगवास, भुसौला, पाली, डीघ के कलिका नगर, कोइरौना, बारीपुर उपरवार, अभोली में सरायकंसराय, भदोही में चौरीखास, हुरासी, दुरासी, अजयपुर, बरवाखॉस परियोजना संचालित है। इनसे अभी तक कुल 25 के परिवारों में शुद्ध पेयजल मुहैया कराया जाने लगा है। परियोजना के तहत तहसील ज्ञानपुर, औराई और भदोही अंतर्गत लंबित 27 भूमि विवादों के निस्तारण में तेजी दिखाने का निर्देश डीएम ने अधिकारियों को दिया। हिदायत दिया है कि कार्य, भौतिक सत्यापन में किसी तरह की लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सीडीओ भानुप्रताप सिंह, डीएफओ नीरज आर्या, उपायुक्त एनआरएलएम श्याम जी, बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह, बीडीओ नवीन गुप्ता, रामविलास यादव आदि रहे।