Bhadohi: ग्राहक सेवा केंद्र से लूट का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैर में लगी गोली, 25 हजार का है इनामी
भदोही में पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का एक इनामी बदमाश गिरफ्तार हुआ है। बदमाश के दोनों पैर में गोली लगी है। ग्राहक सेवा केंद्र से लूट मामले में वांछित था।
विस्तार
भदोही जिले के विजयीपुर में ग्राहक सेवा केंद्र से लूट के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया। इस दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर उसका साथी भागने में सफल रहा। दोनों पैर में गोली लगने से घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उस पर 25 हजार का इनाम घोषित था। कब्जे से लूट के 15 हजार रुपये सहित तमंचा और बाइक बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, 9 फरवरी को सुरियावां थाना क्षेत्र के विजयीपुर स्थित ग्राहक सेवा केंद्र पर नकाबपोश दो बदमाशों ने धावा बोला था। संचालिका को तमंचे के बल पर धमकाकर 70 हजार रुपये लूट लिए थे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पुलिस उप महानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र आरपी सिंह व पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार एक्शन में आए।
पुलिस को देख भागने लगे थे बदमाश
वारदात के खुलासे के सुरियावां, दुर्गागंज के अलावा क्राइम ब्रांच की टीम लगी हुई थी। शनिवार अलसुबह पुलिस टीम दुर्गागंज-बसवापुर मार्ग ख्योखर गांव के नहर पुलिया के पास जांच अभियान चला रही थी। इस बीच दो संदिग्ध पुलिस को देख भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो उन्होंने गोली चलाई जो सुरियावां थानाध्यक्ष के गाड़ी पर लगी।
जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लगी और वह वहीं गिर गया। जबकि दूसरा भागने में कामयाब रहा। दोनों पैर में गोली लगने से घायल बदमाश की पहचान सुनिल कुमार निवासी महरछा प्रयागराज के तौर पर हुई। फरार साथी की पहचान रामपूजन सरोज के रूप में की गई। उसकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
ग्राहक सेवा केंद्र से लूट मामले में सुनिल वांछित था। उस पर पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि ग्राहक सेवा केंद्रसे लूटकांड के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान उसका साथी फरार होने में सफल रहा। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।