भदोही में बड़ा हादसा: गंगा में डूबने से तीन युवकों की मौत, एक की तलाश जारी, महिला ने दो लोगों को डूबने से बचाया
भदोही के बिहरोजपुर गंगा घाट पर रविवार सुबह कौलापुर निवासी पांच युवक स्नान कर रहे थे। इस दौरान गहरे पानी में जाने से चार युवक डूब गए। तीन का शव बरामद हो चुका है। एक की तलाश की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भदोही के बिहरोजपुर स्थित दर्जिया घाट पर रविवार को सुबह नहाने गए चार युवक डूब गए। इनमें से तीन का शव करीब चार घंटे के बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से बरामद कर लिया गया, जबकि एक की तलाश जारी है। वहीं पर स्नान कर रही एक महिला व किशोरी ने मिलकर दो युवकों को डूबने से बचा लिया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। डूबने वालों में एक ही परिवार के तीन युवक शामिल हैं।
कौलापुर गांव से करीब तीन किमी की दूरी पर स्थित गंगा नदी में नहाने के लिए रविवार की सुबह करीब आठ बजे कुछ युवक एक साथ दर्जिया घाट पर पहुंचे। गंगा में पहले सभी ने डुबकी लगायी, बाद में पानी से खेलना शुरू कर दिया।
एक दूसरे को बचाने में डूबे चारों युवक
अंकित कुमार चतुर्वेदी (19) पुत्र विद्याधर चौबे, प्रभात मिश्रा (24) पुत्र त्रिपुरी मिश्रा, प्रवेश मिश्रा (19) पुत्र अवधबिहारी मिश्रा, लक्की मिश्रा (15) पुत्र बृज बिहारी मिश्रा खेलने में गहराई में चले गए। गौतमी देवी ने बताया कि पहले एक युवक डूबा तो उसे बचाने के लिए दूसरा गया। इस तरह से बचाने के चक्कर में चार डूब गए। पांचवें युवक आशीष और छठवें प्रकाश जब डूब रहे थे तभी नजर पड़ी।
तब अपनी पौत्री शिवा पुत्री नीरज की मदद से दो साड़ी युवकों की तरफ फेंकी। जब दोनों ने साड़ी पकड़ी तो गौतमी और शिवा ने खींचकर दोनों को बाहर निकाला। थोड़ी ही देर में घटना की जानकारी गांव वालों को और पुलिस को हुई। पहले तो ग्रामीणों ने खोजने का प्रयास किया लेकिन बाद में पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद ली।
जहां चारों युवक डूबे थे वहां से 50 मीटर की परिधि में दोपहर करीब 12 से डेढ़ बजे के बीच अंकित, प्रवेश और लक्की के शव को बरामद कर लिया गया। प्रभात की तलाश जारी है। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी, पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार भी मौके पर पहुंचे। एनडीआरएफ की टीम भी प्रभात को खोजने के लिए बुला ली गई। एसपी ने कहा कि डूबे युवकों में से तीन के शव को बरामद कर लिया गया है। एक की तलाश की जा रही है। टीम लगी हुई है।