सुरियावां। नगर पंचायत के आजाद नगर, फाटक गली, नेहरू नगर चौक वार्डों में तीन सप्ताह से हो रही दूषित पेयजलापूर्ति के खिलाफ वार्डवासियों ने लॉकडाउन तोड़ने की चेतावनी दी है। जतन कुमार गुप्ता, रवि जायसवाल, मौनी, राधेश्याम, पप्पू, राजेंद्र, सुशील कुमार, मदन आदि ने आरोप लगाया है कि नगर पंचायत प्रशासन विकास के मद में आने वाले सरकारी धन का बंदरबांट कर जनविकास योजनाओं को कागजों पर दौड़ा रहा है। कोरोना वायरस की महामारी में चल रहे लॉकडाउन और भीषण गर्मी के समय में भी प्रशासन का रवैया समझ से परे है। वार्डों में वर्षों पूर्व पाइप लाइन बिछाकर पेयजलापूर्ति तो कराई जा रही है लेकिन रखरखाव के अभाव में जर्जर हो चुके संयंत्रों की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिसके कारण लोगों के घरों में कीचड़युक्त दूषित पानी पहुंच रहा है। जिसका लोग कोई उपयोग भी नहीं कर पा रहे हैं। यदि कोई करता भी है तो संक्रमित बीमारियों की चपेट में आकर अस्पताल की शरण ले रहा है। यही स्थिति पथ प्रकाश, इंटरलाकिंग, साफ-सफाई, छिड़काव, मरम्मत कार्य में बनी है। यदि नगर प्रशासन ने समस्या का एक सप्ताह में निस्तारण नहीं करा सका तो वार्डवासी पेयजल के लिए सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे। अधिशासी अधिकारी सोनल जैन ने कहा कि मामला संज्ञान में है। जर्जर हो चुकी पाइप लाइन को बदलने के लिए प्रस्ताव बन चुका है।