भदोही। भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) के सफाई कर्मियों का तीन दिन से चल रहा अनशन और धरना प्रदर्शन शनिवार को समाप्त हो गया। बीडा के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) सुनील यादव ने कर्मचारियों से वार्ता कर उन्हें भरोसा दिलाकर आंदोलन समाप्त कराया।
सफाई कर्मचारी बीडा में ग्रेड-पे की नियुक्ति के लिए कई बार मांग कर चुके हैं। गत बुधवार को इसी क्रम में कर्मियों ने भ्रष्टाचार का पुतला दहन करने के बाद अगले दिन से कार्यालय के गेट पर बेमियादी अनशन और धरना पर बैठे थे। तीन दिन तक चले आंदोलन के बाद शनिवार को बीडा के ओएसडी वहां पर पहुंचकर कर्मियों से बात की। उनकी छह सूत्री मांग पत्र लिया और हर संभव बेहतर से बेहतर करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद ओएसडी के कहने पर अनशन समाप्त करने की घोषणा की गई। सफाईकर्मियों के अधिवक्ता विनोद सोनकर ने कहा कि 1990 से 2001 तक बीडा के दैनिक वेतन कर्मी के रूप में सेवाए देने वालों को नियमित किया जाए। सीवर में कार्य के दौरान मृतक आश्रितों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है। वह दिया जाए। बीडा से निष्कासित कर्मचारियों की बहाली की जाए। उन्होंने कहा कि कर्मियों की सेवाएं लेने में ठेकेदारी प्रथा खत्म की जाए। ओएसडी ने 6 सूत्री मांग पत्र लेते हुए उचित कार्यवाही का भरोसा दिया। धरना में मो.सलीम, मेराज, शमशुद्दीन, रामविलास, हूबलाल, सुनील, दिनेश लाल, रुस्तम, जमालुद्दीन, शफीक, सुनील, सोनू, मोहर्रम अली आदि शामिल रहे।