फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Basti News ›   Governor's arrival, gift of cancer hospital...changed picture of Ledwa-Chaukwa

Basti News: राज्यपाल की आमद, कैंसर अस्पताल की सौगात...लेदवा-चौकवा की बदली तस्वीर

Mon, 04 Sep 2023 12:02 AM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Mon, 04 Sep 2023 12:02 AM IST
विज्ञापन
Governor's arrival, gift of cancer hospital...changed picture of Ledwa-Chaukwa
लेदवा गांव में राज्यपाल के कार्यक्रम को लेकर सजा पंडाल।
आदर्श गांव में 50 मिनट गुजारेंगी राज्यपाल, व्यवस्था चाक-चौबंद, सुंदर सजावट बिखेर रही रौनक
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। आज राजपथ से लोकपथ का मिलन है। स्थल है लखनऊ राजभवन से लगभग 225 किलोमीटर दूर बस्ती जिले के सल्टौआ गोपालपुर ब्लॉक क्षेत्र के चौकवा ग्राम पंचायत का लेदवा गांव। महामहिम आनंदी बेन पटेल यहां दिन में 11 बजे पहुंचेंगी। यहां अधिकारी, नागरिक, बच्चों, महिलाओं और शिक्षकों के बीच वह 50 मिनट तक मौजूद रहेंगी। उनके कार्यक्रम के अलग-अलग शेड्यूल निर्धारित हैं। पहले सरकारी सिस्टम का अवलोकन बाद में आमजन से उनका सीधा संवाद भी होगा। उनके आगमन का तारीख तय होते ही गांव के भाग्य की लकीर भी गाढ़ी हो गई है। कुछ ही दिनों में रात-दिन एक कर यहां की तस्वीर बदल दी गई है।
कभी सामान्य गांव की तरह विकास कार्यों से वीरान दिखने वाला लेदवा अब चमक उठा है। महामहिम के स्वागत को तैयार लेदवा गांव की साज-सज्जा देखते बन रही है। यहां के नागरिक भी महामहिम की झलक पाने को पलक पावड़े बिछाए हुए हैं। गांव की गलियों से लेकर स्कूल, पोखरे तक हलचल बढ़ी हुई है। अधिकारियों की आवाजाही के बीच सुंदर जलाशय, नई इंटरलॉकिंग सड़क, कंप्यूटरीकृत चमक बिखेरता परिषदीय स्कूल, सुविधाओं से लैस लकदक पंचायत भवन के साथ मुख्य द्वार पर बने भव्य तोरणद्वार को हर कोई देर तक निहार रहा है। ऐसी साज-सज्जा गांव में पहली बार देखने को मिल रही है। विभिन्न सरकारी योजनाओं से सुंदर एवं सुव्यवस्थित दृश्य सजाने की कल्पना यहां साकार स्वरूप में दिख रही है। गांव में चौतरफा विकास की मनोरम छटा बिखरी है। यह गांव के नागरिकों के साथ महामहिम को भी खूब लुभाएगी।
विज्ञापन

---------------
सती माता के नाम से सजाया गया जलाशय
लेदवा गांव का जलाशय सती माता के नाम से अमृत सरोवर के रूप में सजाया गया है। यहां नवनिर्मित घाट का रंगरोगन किया गया है। चारोें तरफ हरियाली का अनुपम दृश्य है। महामहिम इसका अवलोकन करेंगी। इसके बाद स्मार्ट क्लास और लाइब्रेरी युक्त यहां का प्राथमिक विद्यालय नई रंगत बिखेर रहा है। पंचायत भवन भी किसी कारपोरेट कंपनी के कार्यालय से कमतर नहीं है। बकायदे अध्यक्ष और सचिव के नेम प्लेट युक्त चेंबर है। ओपेन जिम, खेल पार्क की भी खामियों को दूर कर दिया गया है। अमृत वाटिका के नव पल्लवित पौधे महामहिम को आकर्षित करने के लिए आतुर दिख रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

--------------
हाईवे की तरह दिखी गांव को जोड़ने वाली सड़क
लेदवा गांव को मुख्यालय से जोड़ने वाली दो प्रमुख सड़कें हैं। बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर पचमोहनी चौराहा से लेदवा गांव जाने वाली काली सड़क को चक्कर चौराहा तक गड्ढों से मुक्त कर दिया गया है। दोनों किनारों पर विधिवत सफाई कराई गई है, ताकि महामहिम के काफिले में कोई व्यवधान न आए। इसके अलावा देईपार से चौकवा तक की सड़क भी पहले से बनकर तैयार है। इस गांव में राज्यपाल को किसी भी मार्ग से ले जाने पर सड़कें चमचमाती हुई मिलेंगी। वहीं गांव में स्थित सरयू नहर खंड 4 पर पुलिया से अमृत सरोवर तक 400 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क का नया निर्माण हुआ है।
----------------
15 साल बाद हुई विकास की चहलकदमी
वर्तमान में जिले के रुधौली विधानसभा के अंतर्गत चौकवा ग्राम पंचायत में 15 साल बाद विकास की चहलकदमी फिर से देखने को मिली है। 2007 तक यहां की पहचान रामनगर विधानसभा क्षेत्र के रूप में होती रही। उस समय के तत्कालीन सामाजवादी पार्टी के विधायक अनूप कुमार पांडेय इसी ग्राम पंचायत के मूल निवासी हैं। उनके कार्यकाल में संबंधित ग्राम पंचायत के गौवहनिया पुरवे पर पशु चिकित्सालय और लेदवा में प्राथमिक विद्यालय की स्थापना हुई थी। देईपार से भिरिया चौराहे तक सड़क का निर्माण हुआ था। सत्ता पक्ष के विधायक होने के नाते इस ग्राम पंचायत में अधिकारियों की चहल पहल अक्सर देखने को मिलती रही। मगर इधर 15 सालों से यह ग्राम पंचायत विकास से वंचित रहा। इधर आदर्श गांव में चयन होने के बाद लेदवा का कायाकल्प होना शुरू हो गया। इसमें चार चांद तब और लग गया, जब यहां राज्यपाल का भ्रमण कार्यक्रम तय हो गया। अब संबंधित ग्राम पंचायत का लेदवा गांव विकास के मामले में समृद्धि माना जाएगा।
--------------
बोले- पूर्व विधायक
चौकवा ग्राम पंचायत के निवासी पूर्व विधायक अनूप कुमार पांडेय ने कहा कि उनके गांव में महामहिम का आगमन किसी सुनहरे अवसर से कम नहीं है। यहां दलगत भावना से ऊपर उठकर उनका अभिनंदन है। उनके आगमन को यादगार बनाया जाएगा। उनके गांव के लोग पहली बार अपनी माटी में राज्यपाल से रूबरू होंगे। खासकर नई पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा मिलेगी।
----------------
निजी कैंसर अस्पताल का महामहिम करेंगी शिलान्यास
लेदवा गांव से लौटने के उपरांत महामहिम मेडिकल कॉलेज के निकट स्थित एक निजी कैंसर हास्पिटल का शिलान्यास करेंगी। यह भी जनपद के लिए एक नई सौगात है। इसके बाद वह दिन में 2 बजे मेडिकल काॅलेज के ओपेक चिकित्सालय कैली पहुंचेंगी। जहां महिला एवं चिल्ड्रेन वार्ड के निरीक्षण के उपरांत आयोजित विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। 2.45 बजे महामहिम कलेक्ट्रेट सभागार पहुचेंगी। यहां विभागों की ओर से सजाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन और बैठक का कार्यक्रम तय है।

----------------
अधिकारियों की टीम पहुंची लेदवा
राजभवन की टीम के साथ प्रशासनिक अधिकारी रविवार को भी लेदवा गांव पहुंचे। यहां व्यवस्था का जायजा लिया गया। राज्यपाल के भ्रमण के दौरान कहीं कोई चूक न हो इसके लिए अधिकारी पैनी नजर रखे हुए हैं। निरीक्षण के दौरान प्रभारी डीएम/सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, एडीएम कमलेश चंद्र, एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी, राजभवन के अधिकारी अमित कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed