बस्ती। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 रविवार को जिले के 12 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई गई। दोनों पालियों में कुल 8,940 अभ्यर्थियों में 8,290 शामिल हुए। जबकि 650 अभ्यर्थी गैरहाजिर हो गए।
केद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई। अफसर ने दिन भर भ्रमणशील रहकर परीक्षा का जायजा भी लेते रहे। अभ्यर्थियों की भीड़ सुबह से ही केंद्रों के बाहर जुटने लगी। पहली पाली की परीक्षा 9 से 12 बजे तक कराई गई। आधे घंटे पहले तक सभी अभ्यर्थियों को केंद्रों पर प्रवेश दिलाया गया। प्रथम पाली में कुल 4,470 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, जिनमें 4,143 उपस्थित और 327 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली की परीक्षा दिन में दो बजे से शाम पांच बजे तक कराई गई। इसमें 4,470 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 4,147 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 323 अभ्यर्थी गैरहाजिर हो गए। डीआईओएस संजय सिंह ने बताया कि जनपद के विभिन्न केंद्रों पर उपस्थिति का प्रतिशत 90 प्रतिशत से अधिक रहा। सबसे अधिक उपस्थिति जीजीआईसी और अन्य प्रमुख केंद्रों पर दर्ज की गई है। परीक्षा केंद्रों पर चौकस सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई और परीक्षा को निष्पक्ष व नकलविहीन बनाने के लिए विशेष निगरानी रखी गई। परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या फिर व्यवधान की सूचना नहीं मिली। परीक्षा को लेकर रेलवे स्टेशन व बस स्टेशन पर भी हलचल बढ़ी रही।