जालसाजों का खेल: जरी कारीगर के नाम खोली दिल्ली में फर्म... 232 करोड़ का टर्नओवर, आयकर नोटिस आया तो उड़े होश
Bareilly News: बरेली के एक जरी कारीगर ने विदेश में नौकरी के लिए कुछ लोगों को अपना आधार कार्ड समेत कागजात दे दिए थे। नौकरी तो नहीं लगी, लेकिन चार साल बाद जब आयकर नोटिस आया तो जरी कारीगर के होश उड़ गए।
विस्तार
बरेली के कंघी टोला निवासी फूल मियां के साथ जालसाजों ने बड़ा खेल कर दिया। उनके नाम से जालसाजों ने दिल्ली में फर्म खोल ली। इसका पता तब चला, जब जरी कारीगर के पास आयकर बकाया को नोटिस आया। जिसे देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जालसाजों को दिए थे कागजात
फूल मियां ने बताया कि वह वर्ष 2018 में बेरोजगार थे। उन्होंने कुछ ऐसे लोगों से संपर्क किया जो बेरोजगारों को नौकरी के लिए विदेश भेजते थे। इन लोगों ने उनकी नौकरी लगवाने का वादा किया और उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड आदि कागजात ले लिए। इसके बाद भी फूल मियां की नौकरी नहीं लगवाई गई। अब फूल मियां के पास आयकर विभाग का एक नोटिस आया है। इसमें 114 करोड़ रुपये से भी ज्यादा टैक्स उन पर बकाया दिखाया गया है।
किला थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट
जानकारी पर पता चला कि फूल मियां के नाम दिल्ली में एक फर्म खोली गई है, जिसमें 232 करोड़ रुपये से ज्यादा का टर्नओवर किया है। फूल मियां ने आरोपियों से बात की तो वह इधर उधर की बातें करने लगे। फूल मियां ने एसपी सिटी से पूरे मामले की शिकायत की। अब आरोपियों के खिलाफ किला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।