Bareilly News: डॉक्टर को लहूलुहान कर घर में डकैती, पत्नी की हत्या, इलाज के बहाने घर में घुसे थे बदमाश
बरेली में सोमवार देर रात घर में घुसकर बदमाशों ने महिला की हत्या कर दी। जबकि उसके पति को चाकू से गोद दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस जांच में जुटी है।
विस्तार
अलीगंज थाने के खैलम के मूल निवासी फारूख आलम आठ साल से पदारथपुर गांव में घर बनाकर रह रहे हैं। उनकी शादी इसी गांव निवासी नसरीन से हुई थी। इसके बाद से दंपती यहां बस गए। घर के बाहरी हिस्से में बने क्लीनिक पर फारूख यहां लोगों का इलाज करते हैं। परिवार के लोगों के मुताबिक सोमवार रात करीब एक बजे इनके घर का दरवाजा खटखटाया गया।
दो लोगों ने बताया कि भट्ठे से आए हैं, दवा लेनी है। फारूख ने क्लीनिक का गेट खोल दिया। बताते हैं कि दोनों के पीछे चार-पांच लोग और अंदर चले आए। इन्होंने फारूख को तमंचा दिखाकर कब्जे में ले लिया। फारूख ने बचने की कोशिश में शोर मचाया तो कमरे में सो रहीं पत्नी नसरीन क्लीनिक की ओर आईं। इस बीच बदमाशों ने फारूख के सिर और पेट पर चाकुओं से वार कर दिए। फारूख बेहोशी की हालत में आ गए तो हमलावरों ने नसरीन को भी जान से मार दिया। हालांकि नसरीन के शव पर चोट का कोई निशान नहीं था।
नकदी-जेवर ले गए बदमाश
इसके बाद बदमाश सेफ व क्लीनिक की तिजोरी खोलकर नकदी-जेवर लूट ले गए। फारूक को कुछ होश आया तो वह चीखे। तब आठ साल का बेटा जैद जागा और उसने दो सौ मीटर दूर जाकर प्रधान के पति विरासत को आवाज देकर जगाया। जैद ने ही गांव निवासी अपने मामा तालिब को कॉल करके घटना की सूचना दी। फारूख के साले आशिक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अन्य भाइयों के साथ बहन के घर पहुंचे तो बहनोई फारुख घायल पडे़ थे और पास में बहन का शव पड़ा हुआ था।
आशिक ने बहनोई के पेट में लगा चाकू निकालकर फेंक दिया। फारूख व नसरीन को निजी अस्पताल लेकर गए। डाक्टरों ने नसरीन को मृत घोषित कर दिया और फारूख को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मंगलवार सुबह एडीजी पीसी मीना, आईजी राकेश सिंह व एसएसपी अखिलेश चौरसिया समेत कई अधिकारी घटनास्थल पहुंच गए। डॉग स्कवॉड व फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की।