Bareilly News: बिथरी डकैती कांड में बयानों से उलझी गुत्थी, नसरीन की हत्या के पीछे सामने आ रही यह वजह
बिथरी चैनपुर क्षेत्र के गांव पदारथपुर में सोमवार आधी रात को इलाज के बहाने क्लीनिक में घुसे बदमाशों ने डॉक्टर फारूख आलम की पत्नी नसरीन की हत्या कर दी थी। फारुख पर चाकुओं से वार किए थे। वह घायल हुए हैं।
विस्तार
बरेली के बिथरी चैनपुर क्षेत्र के गांव पदारथपुर में हुई डकैती और हत्या की वारदात में तस्वीर काफी उलझी हुई है। घटनाक्रम इस तरह हुआ कि घर के अंदर सो रहे बाकी लोगों और पड़ोसियों को भनक तक नहीं लगी। माना जा रहा है कि कुछ गलत देखने या किसी को पहचानने की वजह से नसरीन की जान गई है।
पदारथपुर में सोमवार आधी रात के वक्त इलाज के बहाने रात क्लीनिक में घुसे बदमाशों ने डॉक्टर फारूख आलम पर चाकुओं से वार किए। उन्हें बचाने आई पत्नी नसरीन की हत्या कर दी थी। बदमाश घर से लाखों का नकदी जेवर ले गए। घायल डॉक्टर के साले ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
फारूख आलम का घर हाईवे से करीब दो सौ मीटर दूर है। घर आबादी से थोड़ा दूर है। इसमें कई कमरे हैं। उनके दो बच्चे इसी गांव में ननिहाल गए थे। एक कमरे में उनकी मां सो रही थीं, दूसरे में फारूख अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ सो रहे थे। पिता की आवाज पर सबसे पहले बेटा जैद जागा और वही लोगों को बुलाकर लाया।
मां ने कहा- गहरी नींद में थी
पुलिस से लेकर मीडिया तक ने जैद से ही बात की, हालांकि वह वारदात के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सका। फारूख की मां नफीसन का हाथ टूटा हुआ है। एएसपी चंद्रकांत मीना को उन्होंने बताया कि वह दो दिन पहले गिर गई थीं। दर्द की वजह से उन्होंने दवा खाई थी। बेटे ने इंजेक्शन भी लगाया था। शायद दवा से नशा जैसा हुआ और वह गहरी नींद में सो गई थीं।
घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचे प्रधान के पति विरासत और नसरीन के परिवार से भी एसपी सिटी, एएसपी व अन्य अधिकारियों ने जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच के मुताबिक नसरीन की हत्या अनायास नहीं हुई। उसने शायद बदमाशों में से किसी को पहचान लिया था या कुछ ऐसा देख लिया था, जिससे उसकी हत्या कर दी गई थी।
सब्जी-फल काटने वाले चाकू से किए वार
फारूख के पेट पर चाकू से जो वार किया गया है, उसमें छह टांके आए हैं। कुछ घाव सिर में भी हैं। फारूख ने बताया कि चाकू क्लीनिक की टेबल पर पड़ा था। उससे वह फल काटते हैं। पुलिस पहुंची तो चाकू भी धुला हुआ मिला।
क्लीनिक का गेट टूटा, मेन गेट खोलने पर भ्रम
फारूख आलम की हालत अभी पूरी तरह सही नहीं है। कुछ देर बात करने के बाद वह सो जा रहे हैं। अलग-अलग वक्त में उन्होंने पुलिस को वीडियो पर जो बयान दिए हैं, उनमें विरोधाभास है। बदमाशों के प्रवेश और निकासी को लेकर भी भ्रम है। फारूख ने सुबह सदर कोतवाल को बताया कि बदमाश क्लीनिक के रास्ते से अंदर आए।
शाम को एएसपी ने फारूख का जो बयान रिकॉर्ड किया उसके मुताबिक लोहे का मेन गेट खोला गया। क्लीनिक का गेट अंदर से टूटा है, जैसे उसे तोड़कर कोई बाहर निकला हो। वहीं, लोहे के मेन गेट के पास अंदर पैरों के निशान देखकर फोरेंसिक टीम ने उसके नमूने लिए। तब फारूख ने एसपी सिटी को बताया कि वह निशान उनके पैरों के ही हैं।
एसएसपी अखिलेश चौरसिया ने बताया कि डॉक्टर का क्लीनिक खुलवाकर लूट और महिला की हत्या की गई है। डॉक्टर पर भी चाकू से वार किए हैं। तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। कई टीमें खुलासे में लगाई गई हैं।