Lakhimpur Kheri: कोहरे के कारण दो कारों की भीषण टक्कर, महिला की मौत, थानाध्यक्ष समेत तीन घायल
संपूर्णानगर के थाना प्रभारी हनुमंत तिवारी की ईको स्पोर्ट्स कार एक ऑल्टो कार से टकरा गई। हादसे में ऑल्टो कार सवार एक महिला की मौत हो गई है, जबकि उसकी दो बेटियां और थाना प्रभारी घायल हो गए।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के संपूर्णानगर थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह थाना प्रभारी हनुमंत लाल तिवारी की इको स्पोर्ट्स कार और अल्टो कार की भिड़ंत हो गई। हादसे में अल्टो कार सवार एक महिला की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। हादसे में थाना प्रभारी भी घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक मझगई इलाके में सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे बगहिया तिराहे के पास निघासन की तरफ से आ रही एक अल्टो कार व मझगई की तरफ से जा रही थाना प्रभारी को इको स्पोर्ट्स कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा होते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े।
महिला की दो बेटियां हुईं घायल
हादसे में अल्टो कार सवार महिला सुखजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी लड़की संदीप व मंदीप कौर को हल्की चोटें आई हैं। जबकि दूसरी गाड़ी में बैठे थाना प्रभारी हनुमंत लाल के सिर में चोट आई है। सभी घायलों को नजदीकी सीएचसी ले जाया गया, जहां से सभी को जिला अस्प्ताल रेफर किया गया है।
अल्टो कार सवार सुखजीत कौर पत्नी गुरविंदर निवासी पुरानी चक्की बम नगर निवासी बताया गया है। वह अपने परिवार के साथ तिकोना फार्म गए हुए थे। उधर संपूर्णानगर थाना प्रभारी हनुमंत लाल तिवारी निघासन की तरफ जा रहे थे। बताया जा रहा है कि कोहरे के चलते हादसा हुआ है।