बेतहाशा भीड़भाड़... आपसी दूरी छोड़िए, मास्क भी गायब
दो दिन बाद खुला बाजार तो हर तरफ नजर आई बेपरवाही, व्यापारी भी भूले कोविड से बचाव के नियम
भीड़भाड़ की वजह से मुख्य बाजार में ज्यादातर सड़कों पर पूरे दिन लगभग जाम जैसे हालात बने रहे। शहर के प्रमुख बाजार कुतुबखाना में कई बार लंबे-लंबे समय के लिए जाम लगा रहा। इसके साथ बड़ा बाजार, किला रोड, सिविल लाइंस मार्केट और अयूब खां चौराहे पर भी भारी ट्रैफिक और भीड़ की वजह से ट्रैफिक रेंगता रहा।
बड़ा बाजार : भीड़भाड़ और मास्क भी नहीं
शहर के बड़ा बाजार में कपड़े का बड़ा कारोबार है। अतिक्रमण और वाहनों की अधिकता के कारण यहां सुबह से ही जाम की स्थिति बनी रही। दुकानों के सामने खड़े वाहनों ने हालात और खराब कर दिए। सड़क पर जगह न बचने की वजह से लोगों का पैदल निकलना मुश्किल हो रहा था। बाजार में कुछ मास्क लगाए दिखे तो कुछ बगैर मास्क लगाए आ जा रहे थे।सिविल लाइंस : ट्रैफिक बढ़ा तो लगा जाम
बाजार और दफ्तरों के खुलते ही चौकी चौराहे से सिविल लाइंस जाने वाले रोड पर ट्रैफिक बढ़ गया। दोपहर बाद इस मार्ग पर गांधी उद्यान के नजदीक वाहनों की लंबी कतारें नजर आई। इस मार्ग को निर्माण कार्य की वजह से एक तरफ से बंद किया गया है, इस कारण स्थिति और खराब हो गई। लोगों को जाम में फंसने के दौरान काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।किला रोड : पैदल गुजरना भी मुश्किल
कुदेशिया रेलवे क्रॉसिंग से किला जाने वाले मार्ग पर सीवर लाइन डालने का काम चल रहा है, इस कारण एक साइड से रोड बंद कर दिया गया। इस वजह से इस मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया लिहाजा दिन भर बार-बार जाम लगता रहा। सड़क पर लगातार वाहनों की कतारें लगी रहने से पैदल निकलने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।व्यापारी बोले- हम सावधान
खतरा टला नहीं है। हम सभी को बेहद सावधानी बरतने की आवश्यकता है। मैं अपने व्यापारी साथियों से यही अपील करूंगा कि बेहद सावधानी के साथ कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए व्यापार करें। - सुरेंद्र रस्तोगी, जिलाध्यक्ष अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल
बिल्कुल बेपरवाह होने की जरूरत नही है। अतिरिक्त सावधानी के साथ व्यापार करने की जरूरत है। बाजार में भीड़ बढ़ रही है। ऐसे में संक्रमण का खतरा एक बार फिर बढ़ सकता है। - मंजीत सिंह बिट्टू, गारमेंट्स व्यापारी
कोरोना की तीसरी लहर की आशंका है लिहाजा कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए व्यापार कर रहे हैं। ग्राहकों से भी कह रहे हैं कि वह मास्क लगाकर दुकान पर आएं। जरा सी चूक मुसीबत बन सकती है। - अर्पित गोयल, युवा व्यापारी
अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सभी जानते हैं कि कम ही सही लेकिन कोरोना के मामले आ ही रहे हैं। उपाय यही है कि घर से बाहर निकलते समय मास्क का हर हाल में प्रयोग और सैनिटाइज करते रहें। - राहुल गंगवार, युवा व्यापारी