बरेली में लॉकडाउन तोड़ने पर युवक को पीटा तो उपद्रवियों ने चौकी घेरी, एएसपी जख्मी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में लॉकडॉउन तोड़ने पर युवक की पिटाई के बाद आक्रोशित भीड़ ने बैरियर वन चौकी घेर ली। भीड़ चौकी में घुसकर युवक को पीटने वाले सिपाहियों को तलाशने लगी। समझाने पर भी नहीं माने तो पुलिस ने भीड़ पर लाठियां भांजनी शुरू कर दीं। चौकी घेरने वालों को पुलिस ने दौड़ा दौड़ाकर पीटा। इस दौरान फिसलने के कारण एएसपी अभिषेक वर्मा जख्मी हो गए।
त्रिशूल हवाई अड्डे से सटे करमपुर चौधरी गांव में सोमवार दोपहर साढ़े 12 बजे लॉकडाउन तोड़ने पर पुलिस ने कश्मीर खां नामक युवक की पिटाई कर दी। युवक ने बेहोशी का नाटक किया तो उसके समर्थन में कई ग्रामीण आ गए। इस पर सिपाही मौके से चले आए।
पुलिस ने करमपुर चौधरी गांव की प्रधान और उसके पति समेत करीब 47 लोगों को पकड़ा है। मुख्यमंत्री दफ्तर ने भी इस घटना का संज्ञान लिया है। आरोपियों के खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई हो सकती है।
कुछ देर बाद करीब चार सौ लोगों की भीड़ बैरियर वन चौकी पर आ गई। कुछ लोग चौकी प्रभारी दिनेश कुमार से उलझ गए तो कुछ चौकी के कमरों में घुसकर सिपाहियों को तलाश करने लगे। भीड़ सिपाहियों को उनके हवाले करने की मांग कर रही थी। लगातार दबाव बढ़ता देख पुलिस की सूचना पर एएसपी अभिषेक वर्मा आसपास के कई थानों की पुलिस के साथ पहुंच गए।
उन्होंने भीड़ को समझाने की कोशिश की, मगर लोग नहीं मान रहे थे। इस पर एएसपी ने पुलिस के साथ लाठियां भांजनी शुरू कीं तो मौके पर भगदड़ मच गई। पुलिस ने चौकी घेरने वालों को दौड़ा दौड़ाकर पीटा। दौड़ते वक्त धक्कामुक्की में एएसपी खुद भी सड़क पर गिर पड़ा और उनके बांये हाथ-पैर में काफी चोटें आ गईं। इससे पहले प्रधान के पति तसव्वर खां के साथ इंस्पेक्टर केके वर्मा कश्मीर खां को जिला अस्पताल लाए तो डॉक्टरों ने उसे ठीक पाया। थोड़ी देर बाद पुलिस प्रधान के पति को भी पकड़ ले गई।
देर शाम तक करीब 47 लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया था। इनमें प्रधान सुगरा बेगम और उनके परिवार के लोग भी शामिल थे। डीआईजी ने भी मौका मुआयना कर पुलिस और ग्रामीणों ने से बात की। डीआईजी ने कहा कि लॉकडाउन तोड़ने का मामला था। भीड़ ने चौकी घेर ली तो लाठीचार्ज करना पड़ा। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।