Bareilly: बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर ग्रामीणों ने किया हमला, एसडीओ और जेई ने भागकर बचाई जान
बरेली जिले के गांम केसरपुर में विद्युत चेकिंग करने गई टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। लाइनमैन और टेक्नीशियन को बुरी तरह पीटा। एसडीओ और जेई किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के सिरौली क्षेत्र के ग्राम केसरपुर में विद्युत चोरी पकड़ने गई टीम ने वीडियो बनाया तो ग्रामीण आपा खो बैठे। उन्होंने टीम पर हमला कर दिया। दो विद्युत कर्मी घायल हो गए, जबकि एसडीओ व जेई ने भागकर जान बचाई। पुलिस ने विद्युत टीम की ओर से मिली तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है, जबकि दूसरे पक्ष की तहरीर झूठी निकली है। घटना के बाद से गांव में बिजली सप्लाई बंद कर दी गई है।
घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है। मंगलवार की सुबह पांच से छह बजे के बीच बरसेर बिजलीघर उपकेंद्र के एसडीओ अनमोल कुमार के नेतृत्व में जेई हिरदेश कुमार, टेक्नीशियन सचिन कुमार और लाइनमैन असलम समेत कई कर्मचारी चोरी पकड़ने के लिए केसरपुर गांव पहुंचे।
यहां गांव के पप्पू गुप्ता और नन्हे गुप्ता के यहां बिजली चोरी होने के आरोप में टीम ने वीडियो बनानी शुरू कर दी। उस दौरान घर में परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। आरोप है कि लाइनमैन असलम ने घर में घुसकर यह देखना चाहा कि बिजली से कौन-कौन से उपकरण संचालित हैं।
लाइनमैन और टेक्नीशियन को पीटा
इसी दौरान घर के सदस्य जाग गए। ग्रामीणों ने पूरी टीम को घेर कर पकड़ लिया। ग्रामीणों ने लाइनमैन असलम और टेक्नीशियन सचिन कुमार को खूब पीटा, जबकि एसडीओ और जेई किसी तरह ग्रामीणों से छूटकर अपनी जान बचाकर भाग गए।
बाद में अन्य ग्रामीणों की मदद से सचिन कुमार और असलम को भी छुड़ाया गया। इधर, एसडीओ अनमोल कुमार घटना के बाद टीम के साथ थाना सिरौली पहुंच गए। उनकी तहरीर पर पुलिस ने प्रेमपाल, सचिन, सुदेश शर्मा व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।