Bareilly News: मृतक कैसे घोषित कर दिए गए चेतराम? शासन से मांगी गई रिपोर्ट, समाज कल्याण विभाग में खलबली
बरेली के रामनगर ब्लॉक क्षेत्र के रहने वाले बुजुर्ग चेतराम को मृत बताकर उनकी पेंशन बंद कर दी गई। यह मामला शासन तक पहुंच गया। शासन से जब रिपोर्ट मांगी गई तो अफसरों में खलबली मच गई।
विस्तार
बरेली के रामनगर ब्लॉक क्षेत्र के निवासी चेतराम को मृतक बताकर पेंशन बंद करने के मामले में शासन से रिपोर्ट मांगी गई है। इससे विभागीय अधिकारियों में खलबली मच गई है। शुरुआती दौर में ग्राम पंचायत सचिव को बचाने की कोशिश की जा रही थी। जब इस मामले में अधिकारी फंसते दिखे तो उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव से स्पष्टीकरण मांग लिया। फिलहाल अधिकारियों को उसका जवाब नहीं मिला है।
आंवला तहसील क्षेत्र के ब्लॉक रामनगर की ग्राम पंचायत गुलेरी के मझरा खिरिया निवासी चेतराम को मृतक दर्शाते हुए उनकी पेंशन बंद कर दी गई थी। करीब एक माह पहले चेतराम को इसका पता चला था। तब उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी के कार्यालय आकर इसकी जानकारी की थी। बताया गया था कि उन्हें ग्राम पंचायत सचिव की ओर से मृतक घोषित कर दिया गया था। उसके आधार पर ही पेंशन बंद कर दी गई थी। यह सुनकर चेतराम हैरान रह गए थे। उन्होंने मामले में कार्रवाई के साथ-साथ दोबारा से पेंशन चालू कराने की मांग थी।
ग्राम पंचायत सचिव पर नहीं हुई कार्रवाई
बताया गया था कि इस मामले में ग्राम पंचायत सचिव से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, लेकिन यह सब हवाहवाई चल रहा था। ग्राम पंचायत सचिव को बचाने की कोशिश की जा रही थी। उससे स्पष्टीकरण तक नहीं मांगा गया था। अधिकारियों में खलबली तब मच गई जब शासन से इसकी रिपोर्ट मांगी गई। उसके बाद आनन-फानन जिला समाज कल्याण अधिकारी की ओर से बीडीओ को पत्र भेजा गया। बीडीओ द्वारा ग्राम पंचायत सचिव से स्पष्टीकरण मांगा गया। अभी सचिव के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर ने बताया कि इस संबंध में शासन से रिपोर्ट मांगी गई है। इसमें बीडीओ को पत्र भेजा गया है। उनके द्वारा सचिव से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसमें जवाब आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।