उमेश पाल हत्याकांड: अतीक के भाई अशरफ के दो और गुर्गे गिरफ्तार, दोनों ने कई बार जेल जाकर की थी मुलाकात
बिथरी थाना पुलिस ने अशरफ के गुर्गे पुराना शहर निवासी फुरकान और मीरगंज निवासी राशिद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोनों ने जेल में जाकर अशरफ से कई बार मुलाकात की थी।
विस्तार
माफिया अतीक अहमद के भाई पूर्व विधायक अशरफ से बरेली जिला जेल में अवैध तरीके से मुलाकात कराने के मामले में दो गुर्गों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। सर्विलांस रिकॉर्ड और सीसीटीवी के जरिये गिरफ्तारी संभव हो सकी है।
अशरफ और उसके साले सद्दाम से करीबी के मामले में शहर निवासी लल्ला गद्दी को नामजद किया गया है। सद्दाम और लल्ला की गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है। हालांकि इनके जरिये अशरफ के संपर्क में आए करीब 15 लोगों की सूची तैयार कर ली गई है। अवैध तरीके से मुलाकात करने और कराने में सर्विलांस कॉल रिकॉर्ड के आधार पर बिथरी थाना पुलिस ने इज्जतनगर के मुंशीनगर निवासी फुरकान नवी और मीरगंज के गांव परौरा निवासी राशिद अली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दोनों ने स्वीकार किया कि वह खुद तो अशरफ के साथ बैठकर योजनाएं बनाते ही थे, बाहर से आने वाले अशरफ के करीबियों की मुलाकात अपने आधार कार्ड से करा देते थे। एक-एक आधार पर कई लोग मुलाकात करते थे। इनके कब्जे से लिए गए मोबाइलों में भी ऐसा ही रिकॉर्ड मिला, जिससे स्पष्ट हुआ कि इन नंबरों से बाहरी लोगों की अशरफ से बात कराई गई। बिथरी पुलिस के मुताबिक मुकदमे में खुद को फंसता देखकर यह भागने की फिराक में थे, पर इन्हें कचौली मोड़ से पकड़ लिया गया।
अशरफ के साले सद्दाम के ठिकाने पहुंची एसआईटी
माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ के साले सद्दाम के खुशबू एनक्लेव स्थित ठिकाने पर पहुंची एसआईटी, छानबीन कर स्थानीय लोगों से की गई पूछताछ।