Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   Two-year-old child dies after drowning in a nine-foot-deep pond in Bareilly

बरेली: नौ फुट गहरे तालाब में डूबने से दो साल के मासूम की मौत, घर के बाहर खेलने के दौरान हुआ हादसा

Thu, 26 Nov 2026 11:38 AM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, आंवला (बरेली)
संवाद न्यूज एजेंसी, आंवला (बरेली) Published by: Mukesh Kumar Updated Thu, 26 Nov 2026 11:38 AM IST
सार

बरेली के बेहटा बुजुर्ग गांव में दो साल का बच्चा खेलते समय तालाब में गिर गया, जिससे डूबकर उसकी मौत हो गई। जानकारी होने पर ग्रामीणों ने शव तालाब से निकाला। ग्रामीणों ने तालाब के आसपास सुरक्षा घेरा न होने की शिकायत की है।
 

विज्ञापन
Two-year-old child dies after drowning in a nine-foot-deep pond in Bareilly
इसी तालाब में डूबा मासूम - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

बरेली के बिशारतगंज क्षेत्र के गांव बेहटा बुजुर्ग में बुधवार दोपहर कृष्णपाल कश्यप के बेटे अनमोल (2 वर्ष) की नौ फुट गहरे तालाब में डूबने से मौत हो गई। घर के बाहर खेलने के दौरान हादसा हुआ। परिजन ने बिना पुलिस-प्रशासन को सूचना दिए उसका अंतिम संस्कार कर दिया।

विज्ञापन


कृष्णपाल कश्यप ने बताया कि रिश्तेदारी में एक शादी है। उनमें भात लेकर जाना था। इसकी तैयारी के लिए सामान की खरीदारी करने वह बिशारतगंज गए थे। घर पर बच्चे थे। उन्होंने बताया कि घर के सामने खड़ंजा है। उसके बराबर में नौ फुट से अधिक गहरे तालाब में मछली पालन होता है। पड़ोसियों ने दोपहर एक बजे बेटे अनमोल को तालाब के पास खेलते हुए देखा था।
विज्ञापन


कृष्णपाल ने घर लौटने पर बेटे की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। पड़ोसियों के कहने पर करीब दो बजे तालाब में उतरकर खोजा। उसमें अनमोल मिल गया। उसको निकालकर बिशारतगंज स्थित निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया। शव को घर लाकर अनमोल का अंतिम संस्कार कर दिया गया। कृष्णपाल के चार बच्चों में सबसे छोटे अनमोल की मौत से परिजन सदमे में हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

दो साल पहले भी हुआ था ऐसा ही हादसा, नहीं किए सुरक्षा इंतजाम
कृष्णपाल ने बताया कि परिवार के सतीश कश्यप की बेटी मीनाक्षी (2 वर्ष) भी दो साल पहले खेलने के दौरान तालाब में डूब गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। तालाब के पास से रोजाना कई लोग गुजरते हैं। आसपास के बच्चे भी खेलते-खेलते उसके पास पहुंच जाते हैं। तालाब के चारों ओर सुरक्षा घेरा नहीं बना है। बच्ची की मौत के बाद स्थानीय अधिकारियों से सुरक्षा उपाय कराने की मांग की थी, लेकिन नहीं किए गए। उसके बाद से कई बच्चों को तालाब में गिरने से बचाया जा चुका है।

हादसों की दहशत में ग्रामीण
गांववासी नेत्रपाल, राम अवतार, राजवीर, महेंद्र पाल आदि ने बताया कि तालाब 14-15 बीघा में फैला है। चारों ओर आबादी बसी है। इसके बावजूद तालाब के पास सुरक्षा उपाय नहीं किए गए हैं। बरसात में तालाब लबालब रहता है। आरोप है कि जल निकासी के लिए बने नाले पर गांव के लोगों ने अतिक्रमण कर दिया है। इससे जल निकासी बाधित है। साथ ही, सफाई भी नहीं होने से तालाब दलदल जैसा हो गया है। वहां हादसों की आशंका रहती है।

आंवला के एसडीएम सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़ित परिवार ने कोई कार्रवाई नहीं कराई है। फिर भी जो हो सकेगा आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। मौके पर टीम को भेजा जाएगा। वहां सुरक्षा इंतजाम और अतिक्रमण का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। जांच के आधार पर उपाय किए जाएंगे। जिनकी लापरवाही सामने आएगी, उनपर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed