Bareilly: रिश्वत लेते गिरफ्तार अमीन के भाई ने रेस्टोरेंट में घुसकर दूसरे अमीन को पीटा, सीसीटीवी में कैद घटना
बरेली में रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार अमीन के भाई ने सदर तहसील के दूसरे अमीन की पिटाई कर दी। आरोपी अपने साथी को लेकर रेस्टोरेंट में घुसा और मारपीट करने लगा। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई।
विस्तार
बरेली में एंटी करप्शन टीम ने पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते अमीन रामजी शरण को दो दिन पहले रंगेहाथ गिरफ्तार किया था। उसे पकड़वाने के शक में तहसील सदर में तैनात उसके अमीन भाई सर्वेश कुमार ने अपने साथी के साथ मिलकर दूसरे अमीन मनोज कुमार सिंह के साथ मारपीट की।
कोतवाली थाना क्षेत्र के कृष्णा भोजनालय में हुई घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। इसके फुटेज के साथ शिकायत करने पर कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस के आने से पहले ही आरोपी अमीन फरार हो गए।
संबंधित खबर- Bareilly News: तहसील में पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते अमीन गिरफ्तार
तहसील सदर के संग्रह अमीन मनोज कुमार यादव ने बताया कि आरसी की तारीख बढ़ाने के लिए रिश्वत लेने वाले अमीन रामजी शरण को एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से रामजी का भाई अमीन सर्वेश कुमार उन पर शक कर रहा था कि उन्हीं ने उसे पकड़वाया है।
गुरुवार को मनोज कृष्णा भोजनालय में खाना खाने गए थे। यहां सर्वेश कुमार और उसका साथी अमीन सूर्य प्रकाश आए और उनकी पिटाई कर दी। गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। होटल के कर्मचारियों ने बीचबचाव कराया। पुलिस के आने पर दोनों आरोपी भाग गए। मनोज के मुताबिक अमीन संघ के चुनाव को लेकर भी दोनों गुटों में पहले से तनाव था।