Bareilly News: सांड़ के हमलों में दो लोगों की मौत, सड़क पर घूम रहे छुट्टा पशु ले रहे जान, ग्रामीणों में रोष
बरेली जिले में छुट्टा पशु लोगों के लिए खतरे का सबब बने हुए हैं। आंवला में बाइक सवार और फतेहगंज पश्चिमी में साइकिल सवार पर सांड़ों ने हमला कर दिया, जिससे दोनों लोगों की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के आंवला क्षेत्र में रामनगर रोड पर पेट्रोल पंप के सामने और फतेहगंज पश्चिमी के गांव औंध में सांड़ों ने राह चलते दो लोगों पर हमला कर दिया। उपचार के दौरान दोनों लोगों की मौत हो गई। शिकायत के बावजूद छुट्टा पशुओं के नहीं पकड़े जाने की वजह से ग्रामीणों में आक्रोश है।
आंवला के मनौना गांव निवासी सतेंद्र मौर्य (26) बुधवार रात रिश्तेदारी में जा रहे थे। रामनगर रोड पर पेट्रोल पंप के नजदीक अचानक से सड़क पर आए सांड़ ने बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया। सड़क पर गिरे सतेंद्र पर हमला कर दिया। सांड ने सींगों से उनके पेट में कई वार किए। राहगीरों ने सांड़ को भगाकर उन्हें बचाया। एंबुलेंस से सतेंद्र को सीएचसी ले जाया गया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान रात 12 बजे सतेंद्र ने दम तोड़ दिया। सतेंद्र के परिवार में पत्नी और एक बेटा है।
फतेहगंज पश्चिमी में भी हुई घटना
वहीं, फतेहगंज पश्चिमी के गांव औंध निवासी राकेश कुमार (45) की भी सांड़ के हमले में जान चली गई। परिजनों ने बताया कि राकेश पाकड़ और गूलर के पत्ते पशुपालकों को बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बुधवार देर शाम वह साइकिल से घर लौट रहे थे। फतेहगंज पश्चिमी कस्बे को नेशनल हाईवे से जोड़ने वाली सड़क पर एक गैस गोदाम के पास सांड़ ने उन पर हमला कर दिया।
इससे वह घायल हो गए। जैसे-तैसे वह घर पहुंचे। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने की वजह से परिजन उन्हें तुरंत उपचार के लिए नहीं ले जा सके। वह लोग आसपास के लोगों से उधार लेकर व्यवस्था करने में जुटे थे। बृहस्पतिवार सुबह उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। परिजन उन्हें लेकर निजी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। करीब दो घंटे बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।
धरना-प्रदर्शन के बाद भी नहीं पकड़े गए छुट्टा पशु
छुट्टा पशु पकड़वाने के लिए बीते दिनों भाकियू ने फतेहगंज पश्चिमी ब्लॉक मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया था। नगर पंचायत कार्यालय में भी शिकायत की गई थी। इसके बाद भी छुट्टा पशु नहीं पकड़े गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि आए दिन छुट्टा पशुओं के हमलों में लोगों की मौत हो रही है। इसके बाद भी प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा।