Traffic Diversion: रक्षाबंधन तक लागू रहेगा डायवर्जन, लखनऊ मार्ग पर होगी ये व्यवस्था; देखें रूट प्लान
एसएसपी के निर्देश पर एसपी यातायात ने भारी वाहनों को बदले रूट से चलाने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। डायवर्जन 19 अगस्त (रक्षाबंधन) की रात तक प्रभावी रहेगा।
विस्तार
सावन के अंतिम सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ शिवालयों और रास्तों पर उमड़ेगी। इसी दिन रक्षाबंधन भी है। ऐसे में पहले से लागू ट्रैफिक डायवर्जन और ज्यादा सख्ती से प्रभावी कर दिया गया है। एसएसपी के निर्देश पर एसपी यातायात ने भारी वाहनों को बदले रूट से चलाने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। डायवर्जन 19 अगस्त (रक्षाबंधन) की रात तक प्रभावी रहेगा।
एसपी यातायात शिवराज ने बताया कि झुमका तिराहा से मिनी बाईपास की तरफ भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के भारी वाहन ट्यूलिया अंडरपास से आवागमन कर सकेंगे। लखनऊ से बरेली होकर दिल्ली की तरफ जाने वाले भारी वाहन फतेहगंज पूर्वी से नवादा मोड़, दातागंज-बदायूं रोड, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली की तरफ जा सकेंगे।
बरेली से मुरादाबाद, आगरा, अलीगढ़ जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाइपास होते हुए मिलक-शाहबाद-चंदौसी, अनूप शहर, नरौरा-अलीगढ़, आगरा होकर जा सकेंगे। लखनऊ की तरफ जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाईपास, फरीदपुर, शाहजहांपुर होते हुए जाएंगे। शाहजहांपुर में कांवड़ियों की संख्या अधिक होने पर वाहनों को बरेली से बड़ा बाईपास, भुता- बीसलपुर होते हुए आगे भेजा जाएगा। शहर में इन्वर्टिस तिराहा, बीसलपुर रोड, विलयधाम, बिलवा पुल से भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
यहां से गुजरेंगी रोडवेज बसें
रोडवेज बसों समेत छोटे वाहनों का रूट डायवर्जन प्रत्येक रविवार को सुबह छह बजे से सोमवार रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा। इसमें पुराना बस अड्डा से सभी रोडवेज बसें और हल्के वाहन पटेल चौक, चौकी चौराहा, गांधी उद्यान, मालियों की पुलिया सेटेलाइट होकर जा सकेंगे। दिल्ली की ओर जाने वाली रोडवेज बसें और हल्के वाहन सेटेलाइट से नरियावल, टीपीनगर, इन्वर्टिस तिराहा, बड़ा बाईपास, झुमका तिराहा होते हुए रामपुर की ओर जा सकेंगे।
लखनऊ रूट पर ये होगी व्यवस्था
लखनऊ की ओर जाने वाली रोडवेज बसें और हल्के वाहन सेटेलाइट से नरियावल, टीपीनगर, फरीदपुर होते हुए शाहजहांपुर की ओर जाएंगे। बरेली से आगरा-मथुरा की ओर जाने वाली रोडवेज बसें व हल्के वाहन सेटेलाइट, इन्वर्टिस, बड़ा बाईपास, झुमका तिराहा, मिलक, शाहबाद, बिलारी, बबराला, नरौरा, अलीगढ़ होते हुए आ-जा सकेंगे। बरेली से बदायूं जाने वाली रोडवेज बसें व हल्के वाहन लाल फाटक, अखा मोड़, अलीगंज, आंवला होकर आ-जा सकेंगे।
कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों पर ये रहेगी व्यवस्था
कछला घाट (बदायूं)-बरेली-बदायूं मार्ग पूरी तरह कांवड़ यात्रा के लिए समर्पित रहेगा। रोडवेज बसें, हल्के वाहन व अति आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को निर्धारित डायवर्जन से धीरे-धीरे निकालने की व्यवस्था रहेगी। पीलीभीत जिले के कांवड़िये शहर से विलयधाम होते हुए जाएंगे।
ब्रजघाट (गढ़ मुक्तेश्वर-हापुड़)-रामपुर से झुमका-बड़ा बाईपास-शाहजहांपुर तक के मार्गों में एक लेन कांवड़ यात्रा के लिए समर्पित रहती है। रोडवेज बसें, हल्के वाहन और अति आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को निर्धारित डायवर्जन से धीर-धीरे निकालने की व्यवस्था रहेगी।
हरिद्वार से रुद्रपुर-बहेड़ी होकर बिलवा पुल से आकर श्रद्धालु जिले के विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं। बिलवा पुल-विलयधाम से कांवड़िये पीलीभीत-बीसलपुर-खीरी (गोला गोकर्णनाथ), शाहजहांपुर के लिए निर्धारित रूट पर जाएंगे।
बरेली में रामगंगा तिराहा से चौपुला तक एवं चौपुला से किला एवं पटेल चौक तक किसी भी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
झुमका तिराहा से बरेली तक का मार्ग कांवड़ यात्रा के लिए रहेगा। हल्के वाहनों के साथ आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को धीमा करके निकालने की व्यवस्था रहेगी।