बरेली। वाणिज्य कर विभाग सोमवार सुबह एक नामी मिठाई कारोबारी के यहां सर्वे को पहुंची। जानकारी मिलने पर बाजार में हड़कंप मच गया। देर शाम तक टीम ने कार्रवाई जारी रखी और संदिग्ध अभिलेख कब्जे में लिए हैं। विभागीय अफसरों ने बताया कि अभी जांच जारी है इसके बाद पता चल जाएगा कि कितनी टैक्स हेराफेरी की गई है।
मिलावट और घटतौली के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच ही वाणिज्य कर विभाग ने अचानक कार्रवाई शुरू कर दी है, इसके तहत सोमवार सुबह श्यामगंज स्थित अजंता स्वीट्स दुकान के साथ-साथ डोहरा मार्ग पर फैक्टरी में वाणिज्य कर विभाग की टीमें पहुंची। टीम के साथ पुलिस बल भी था। पुलिस को देख कर ग्राहकों में भगदड़ जैसी मच गई, स्टाफ भी परेशान दिखा। अजंता की फ्रेंचाइजी दुकानों पर भी अफरा तफरी फैल गई। अजंता स्वीट्स के स्वामी अमित आहूजा ने सर्वे में सहयोग करते हुए सभी कारोबार संबंधी अभिलेख प्रस्तुत कर दिए। देर शाम तक जांच का सिलसिला चलता रहा। बताया जाता है कि विभागीय अफसरों ने सर्वे को छापा कार्यवाही के रूप में लेते हुए तमाम संदिग्ध अभिलेख अपने कब्जे में लिए हैं। विभागीय अफसरों ने बताया कि जांच प्रक्रिया मंगलवार को भी जारी रहेगी, इसके बाद पता चल पाएगा कि टैक्स में क्या गड़बड़ी हुई है। इसके तहत ही विभाग कार्रवाई करेगा। उधर, बाजार में छापा कार्रवाई की खबर मिलते ही हड़कंप मचा रहा। व्यापारी नेताओं ने कहा है कि त्योहारी सीजन में वाणिज्य कर द्वारा की जा रही कार्रवाई अनुचित है। व्यापार मंडल के नेता सुदेश अग्रवाल ने इसका तीखा विरोध किया है।