बरेली में एयरफोर्स ने नहीं दी एनओसी, टाइगर श्राफ का शो टला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एयरफोर्स के विमान उतरने की अनुमति न दिए जाने से फिल्म अभिनेता टाइगर श्राफ का रविवार को बरेली में होने जा रहा शो टल गया है। टाइगर के साथ उनकी बहन कृष्णा श्राफ भी बरेली आ रही थीं। आयोजकों के मुताबिक टाइगर की ओर से रविवार को शो की अगली तारीख तय की जाएगी।
दरअसल टाइगर श्राफ को डीडीपुरम की कृष्णांचल कॉलोनी में रविवार को अपनी बहन कृष्णा श्राफ के अत्याधुनिक जिम का उद्घाटन करना था। इस दौरान उनके शो का भी इंतजाम किया गया था। टाइगर और उनकी बहन का मुंबई से दिल्ली प्लेन से आने का कार्यक्रम था।
रविवार सुबह उन्हें दिल्ली से बरेली लाने के लिए एक निजी कंपनी का चार्टर प्लेन हायर किया था जिसे बरेली के त्रिशूल एयरफोर्स स्टेशन पर उतरना था। त्रिशूल से टाइगर और कृष्णा को कार से सीधे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना था।
आयोजकों की ओर से बरेली एयरफोर्स स्टेशन के रनवे पर चार्टर प्लेन उतारने के लिए अनुमति मांगी गई थी लेकिन एयरफोर्स ने रविवार को रनवे खाली न होने की बात कहते हुए अनुमति देने से इनकार कर दिया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल का क्लियरेंस न मिलने की जानकारी शनिवार रात आयोजकों को मिली तो उनमें बेचैनी फैल गई। इसके बाद डीडीपुरम में टाइगर श्राफ के शो की तैयारी भी ठंडी हो गई।
विनोद पोनप्पा, विंग कमांडर प्रभारी ग्रुप कैप्टन ने कहा कि एयरफोर्स का रनवे रविवार को बिजी रहेगा, इसलिए उस पर किसी निजी विमान को उतारने की अनुमति नहीं दी जा सकती। रविवार को एक विमान उतारने की अनुमति मांगी गई थी जिसके लिए एटीसी क्लियरेंस नहीं दिया गया है।
अभिनेता टाइगर श्राफ ने अपना बरेली का दौरा फिलहाल रद्द कर दिया है। बता दें कि भारत सरकार ने चीन के राष्ट्रपति की यात्रा में सुरक्षा कारणों के चलते दिल्ली में 48 घंटो के लिए नो फ्लाइंग नोटिस जारी किया है। जिसके चलते टाइगर श्राफ ने एमएमए मैट्रिक्स का लांच इवेंट कुछ समय के लिए रद्द कर दिया है।