UP News: बरेली रीजन के तीन बस अड्डों का होगा व्यावसायिक इस्तेमाल, मेट्रो स्टेशन की तर्ज पर होंगे विकसित
बरेली रीजन के तीन बस अड्ढे पीपीपी मॉडल के तहत विकसित किए जाएंगे। इनमें बदायूं के साथ शहर के सेटेलाइट और पुराना बस अड्डा शामिल हैं।
विस्तार
बरेली रीजन में परिवहन निगम की आय बढ़ाने के लिए बस अड्डों के ऊपर एक मंजिल बनाकर टेंडर प्रक्रिया के जरिये उसे 30 साल के लिए लीज पर दिया जाएगा। नीचे बस अड्डा होगा और ऊपर जनसुविधाओं से जुड़ीं दुकानें, मॉल खोले जाएंगे। पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर प्रदेश के 78 बस अड्डों को संचालित किया जाएगा। इनमें बदायूं के साथ शहर के सेटेलाइट और पुराना बस अड्डा शामिल हैं।
रोडवेज की आय और यात्री सुविधाएं बढ़ाने के लिए 19 दिसंबर को लखनऊ में प्रदेश के वित्तमंत्री सुरेश खन्ना की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह और निगम के उच्चाधिकारियों ने योजना में प्रदेश के 76 रोडवेज बस अड्डों को शामिल किया है।
ये भी पढ़ें- थाने में इश्क को मिला मुकाम: प्रेमी ने सबके सामने थामा प्रेमिका का हाथ, पुलिस ने कराई शादी
मेट्रो स्टेशन की तर्ज पर विकसित होंगे बस अड्डे
परिवहन निगम और लोक निर्माण विभाग व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए उपयुक्त बस अड्डों का सर्वे करेंगे। अगले वित्तीय वर्ष में काम शुरू करने की योजना है। इस संबंध में रीजन स्तर से भी रिपोर्ट मांगी है। आने वाले वर्षों में रोडवेज बस अड्डों को मेट्रो स्टेशन की तर्ज पर विकसित जाएगा।
बरेली रीजन के नोडल अधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि यात्री सुविधाएं और आय बढ़ाने के लिए रोडवेज बस अड्डों का व्यावसायिक इस्तेमाल किया जाएगा। वित्तमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश के 76 बस अड्डों को इस योजना में शामिल किया गया है। इनमें बरेली का सेटेलाइट, पुराना बस अड्डा और बदायूं रोडवेज बस अड्डा भी शामिल हैं।