15 दिन में लखनऊ से गाजियाबाद सहारनपुर तक तीसरा मेगा ब्लॉक, छह घंटे रुक-रुक कर चलेंगी ट्रेनें
रेलवे रविवार को एक बार फिर से काकोरी से सहारनपुर और हापुड़ तक अप लाइन पर ब्लॉक लेकर पटरियों की मरम्मत करेगा। ब्लॉक सभी सेक्शन पर अलग-अलग होगा। हर सेक्शन में रोककर ट्रेनें गुजारी जाएंगी। इस दौरान जननायक एक्सप्रेस डेढ़ घंटे और कुंभ एक्सप्रेस आधा घंटे देरी से जंक्शन पहुंचेंगी।
ब्लॉक के दौरान की जाएगी पटरियों और ओएचई लाइन की साप्ताहिक मरम्मत
रेलवे का इंजीनियरिंग अनुभाग एक बार फिर पटरियों और ओएचई लाइन की साप्ताहिक मरम्मत के लिए छह घंटे का ब्लॉक लेगा। इंजीनियरिंग अनुभाग के मुताबिक, काकोरी से रोजा सुबह नौ से दोपहर 1.20 बजे, रोजा से मुरादाबाद दोपहर 11.15 से 3.30 बजे, मुरादाबाद से सहारनपुर सुबह 9.20 से 3.05 और मुरादाबाद से गाजियाबाद 12.50 से तीन बजे तक ब्लॉक रहेगा। ब्लॉक हर सेक्शन में अलग-अलग समय पर रहेगा, जिससे ट्रेनों के संचालन पर ज्यादा असर पड़ने की आशंका नहीं है।
रेलवे के जानकारों की मानें तो लखनऊ से मुरादाबाद आने वाली ट्रेनों को ब्लॉक लागू होने से पहले ही गुजार दिया जाएगा, जिससे सिंगरौली टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़-लालगढ़ गुवाहाटी और कोलकाता जम्मूतवी सियालदह एक्सप्रेस के ज्यादा देरी से पहुंचने की आशंका नहीं है। ब्लॉक के दौरान शाहजहांपुर सीतापुर पैसेंजर रोजा से डायवर्ट होगी, जबकि दरभंगा अमृतसर जननायक एक्सप्रेस सौ मिनट और हावड़ा हरिद्वार कुंभ एक्सप्रेस 30 मिनट देरी से जंक्शन पहुंचने की संभावना है। गौरतलब है कि इंजीनियरिंग अनुभाग ने 12 और 14 जुलाई को अप लाइन पर काकोरी से सहारनपुर/गाजियाबाद मेगा ब्लॉक लेकर पटरी और स्लीपर की मरम्मत की थी।