Bareilly News: मैकेनिक की दुकान से चुराए औजार से काटा एटीएम, पड़ोसियों ने मचाया शोर तो भागे शातिर चोर
इज्जतनगर थाना के मुड़िया अहमद नगर में बुधवार रात करीब तीन बजे चोरों ने आईसीआईसीआई बैंक का एटीएम काट दिया। आहट होने पर आसपास रहने वाले लोगों ने शोर मचाया। इस पर चोर फरार हो गए। वह कैश नहीं निकाल पाए थे।
विस्तार
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के मुड़िया अहमद नगर में बुधवार रात तीन बजे चोरों ने निजी बैंक का एटीएम काट डाला। पड़ोसियों ने आहट पर शोर मचा दिया तो चोर भाग निकले। पुलिस के मुताबिक एटीएम में रुपये सुरक्षित हैं, प्रबंधक ने अभी तहरीर नहीं है।
मुड़िया अहमद नगर में आईसीआईसीआई बैंक की शाखा के बाहरी हिस्से में एटीएम लगा है। यह स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए हर समय खुला रहता है, हालांकि रात में यहां निगरानी के लिए बैंक स्तर से कोई व्यवस्था नहीं है, यह पुलिस की गश्त के भरोसे है। रात करीब ढाई बजे यहां कुछ चोर पहुंच गए और एटीएम के ऊपर का हिस्सा व सामने का बॉक्स तोड़ दिया।
वह कैश बॉक्स तोड़ने की जद्दोजहद कर रहे थे कि आसपास के घरों के लोग जाग गए। पास के घर में किराये पर रहने वाले होटल कर्मचारी नरेश आर्य ने अपने साथी स्टाफ को कॉल कर दी। वह एक कार से वहां पहुंच गए। इधर पड़ोसी भी एकजुट हो गए तो चोर वहां से भाग निकले। इससे पहले चोरों ने एटीएम कक्ष की लाइट व एक सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया।
एटीएम कक्ष के पास में एक साइकिल व बाइक पंक्चर जोड़ने की दुकान है। पुलिस ने मौके पर जांच की तो पता लगा कि चोरों ने एटीएम कक्ष में घुसने से पहले पंक्चर जोड़ने की दुकान से औजार चोरी कर लिए। फिर इन्हीं की मदद से एटीएम में तोड़फोड़ कर दी। जब लोग जागे तो चोर मौके पर ही वह औजार छोड़कर भाग निकले।
गश्त पर सवाल, बैंक खुली तो पहुंची पुलिस
गंभीर मामले में इज्जतनगर थाना पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। रात भर गश्ती पुलिस टीम मौके पर नहीं थी तो सुबह दस बजे तक थाना प्रभारी को घटना की जानकारी नहीं थी। सुबह दस बजे करीब बैंक प्रबंधन व मीडिया की ओर से बताया गया तो इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह को घटना का पता लगा। उन्होंने चौकी प्रभारी को मौके पर भेजा, बाद में खुद भी मौके पर पहुंचे।
बैंक शाखा के प्रबंधक संजय सिंह ने एटीएम में कैश भरने वाली एजेंसी को सूचना देकर कैश की जांच के लिए बुलाया। एडीएम वीके अरोरा ने बताया कि एजेंसी की जांच के बाद ही कैश को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। इज्जतनगर थाना प्रभारी ने बताया कि नकदी नहीं निकली है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक करके कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। अभी तहरीर भी नहीं मिली है।